(राउंडअप) नारी शक्ति ही हैं, नए भारत की असली ताकत: नरेन्द्र मोदी

WhatsApp Channel Join Now
(राउंडअप) नारी शक्ति ही हैं, नए भारत की असली ताकत: नरेन्द्र मोदी


(राउंडअप) नारी शक्ति ही हैं, नए भारत की असली ताकत: नरेन्द्र मोदी


—प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अपनी काशी में हुआ भव्य स्वागत, महिला सम्मेलन में गूंजा ‘नारी शक्ति’ का स्वर

—‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री ने काशी को दी 6,332 करोड़ के 163 परियोजनाओं की सौगात

वाराणसी, 28 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार अपरान्ह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उनका जबरदस्त स्वागत हुआ। बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर शहर के विभिन्न मार्गों तक ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

प्रधानमंत्री माेदी ने आज बीएलडब्ल्यू मैदान पर आयोजित विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित किया, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। सम्मेलन में महिलाओं को बैठने के बनाए गए सभी सेक्टर में प्रधानमंत्री ने स्वयं जाकर उनका अभिवादन किया। जनसभा स्थल से प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र काशी को 6,332.08 करोड़ लागत की 163 परियोजनाओं की सौगात दी। जिसमें 1,054.69 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 5277.39 करोड़ की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। लोकार्पित वाली याेजनाओं में सबसे प्रमुख 308.09 करोड़ की लागत से तैयार एसटीपी, 144.43 करोड़ की लागत से तैयार कज्जाकपुरा आरओबी, 45.91 करोड़ से तैयार सारनाथ स्थित तिब्बती संस्थान में सोवा रिग्पा मेडिकल कालेज है।

काशी में भविष्य की जरूरतों के अनुसार 2464.46 करोड़ लागत के मालवीय पुल के पास बनने वाले रेलवे रोड ब्रिज और 1582.99 करोड़ रुपये से नगरीय क्षेत्र में सीवरेज व वाटर सप्लाई, 429.36 करोड़ लागत का कबीरचौरा में मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल आदि परियोजनाओं का प्रधानमंत्री ने शिलान्यास किया। समारोह में प्रधानमंत्री ने काशी के आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करने के साथ ही आज के कार्यक्रम काे नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव बताया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाते हुए महिला आरक्षण को लागू करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार उनकी प्रगति में हरसंभव सहयोग दे रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति ही नए भारत की असली ताकत है, और जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो पूरा समाज आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लंबे समय तक महिलाएं उपेक्षित रहीं। कई बार महिलाओं से सवाल तक नहीं पूछे जाते थे और सीधे निर्णय थोप दिए जाते थे। यह स्थिति केवल काशी ही नहीं, बल्कि देश के अधिकांश हिस्सों में बहन-बेटियों का अनुभव रही है। मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवारवादी दल नारी शक्ति से भयभीत हैं और नहीं चाहते कि महिलाएं विधानसभा और संसद तक पहुंचें। विपक्ष को डर है कि यदि महिलाएं बड़ी संख्या में राजनीति में आईं, तो उनकी पारंपरिक राजनीति समाप्त हो जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि वे महिलाओं काे उनके अधिकार दिलाने के लिए संसद और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण दिलाने के प्रयास को लागू करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

हम सभी नए भारत का साक्षात दर्शन कर रहे: योगी आदित्यनाथ

सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए विकास की रूपरेखा खींचने के साथ महिलाओं के हितों के लिए सरकार के किए जा रहे प्रयासों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें “नए भारत का निर्माता” बताया। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज देश एक नए युग की ओर बढ़ रहा है और हम सभी नए भारत का साक्षात दर्शन कर रहे हैं। योगी ने कहा कि यह सम्मेलन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज काशी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बना। काशी विश्वनाथ चेतना का केंद्र बिंदु के रूप में हम सबको देखने को मिला है। मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वाराणसी में अब तक 35 हजार करोड़ की विकास परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी है, वहीं 20 हजार करोड़ की विकास परियोजनाएं वाराणसी में गतिमान है।

महिलाओं की भूमिका परिवार और समाज निर्माण में महत्वपूर्ण: नितिन नवीन

इस माैके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की आधी आबादी को वह सम्मान दिया है, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। नवीन ने काशी की विशेषता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक शहर या भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि एक जीवंत चेतना है। जिस प्रकार मां गंगा भारतीय संस्कृति को सिंचित करती हैं, उसी प्रकार देश की महिलाएं परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। नितिन नवीन ने कहा कि आज महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नए अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के जीवन में जो सकारात्मक बदलाव आया है, वह अभूतपूर्व है।

प्रधानमंत्री को कलाकृतियां भेंट की गई

सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने काष्ठ कलाकृति भेंट की। विभिन्न संगठनों की ओर से जीआई टैग जरदोजी, मोर, पंचमुखी गणेश की प्रतिमा, नमो घाट का प्रतीक आदि भी उनको भेंट किया गया। कार्यक्रम में मोदी ने यही दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर पुणे के लिए रवाना किया। महिला सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मोर्या के साथ 40 से अधिक पार्षद व महिला ग्राम प्रधान मंचासीन रहीं।

मुख्यमंत्री और नवीन ने बाबा विश्वनाथ के दर पर टेका माथा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। बाबा दरबार में सभी ने हाजिरी लगाई और बाबा का अभिषेक किया।

बाबतपुर एयरपोर्ट और बरेका में भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दाैरे पर काशी काशी पहुंचने पर बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा उत्तर प्रदेश के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्वागत किया। वही, बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से सेना के हेलीकॉप्टर से प्रधानमंत्री को बीएलडब्ल्यू हेलीपैड पर पहुंचने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,राज्यपाल आनंदीबेन ने भव्य स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story