(अपडेट) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में अरविंद मिल्स के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में अरविंद मिल्स के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का किया उद्घाटन


-वाराणसी को मिली गारमेंट फैक्ट्री की सौगात, रोजगार के बढ़ेंगे अवसर-पूर्वांचल में कंपनी का पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट- स्थानीय महिलाओं को रोजगार में प्राथमिकता

वाराणसी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित खोचवां में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अरविंद लिमिटेड (अरविंद मिल्स) के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया। लगभग सात से आठ एकड़ क्षेत्र में विकसित इस औद्योगिक इकाई के शुभारंभ के बाद प्रधानमंत्री ने यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद किया और उनके कार्यों एवं अनुभवों की जानकारी ली।

गुजरात के अहमदाबाद स्थित कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड का पूर्वांचल में यह पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। इससे वाराणसी सहित पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इकाई में स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने में प्राथमिकता दी जा रही है। अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती की जा चुकी है, जिन्हें उत्पादन संबंधी कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कंपनी की योजना के अनुसार, प्लांट के दूसरे चरण का भी विस्तार किया जाएगा। इससे आने वाले समय में हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होने की संभावना है। इस इकाई में स्पोर्ट्सवियर, अंडरगारमेंट्स सहित विभिन्न प्रकार के परिधानों का उत्पादन किया जाएगा। यहां जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे प्रमुख ब्रांडों के लिए भी वस्त्र तैयार किए जाएंगे। इस औद्योगिक पहल से क्षेत्र में कपड़ा एवं परिधान निर्माण से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1931 में स्थापित अरविंद लिमिटेड देश की प्रमुख कपड़ा निर्माता कंपनियों में शामिल है। अहमदाबाद मुख्यालय वाली यह कंपनी धागे और कपड़े से लेकर तैयार परिधानों तथा औद्योगिक उपयोग के विशेष वस्त्रों के निर्माण से जुड़ी है। कंपनी डेनिम, सूती एवं लिनेन के कपड़े, सूटिंग फैब्रिक और स्पोर्ट्सवियर सहित विभिन्न प्रकार के वस्त्रों का उत्पादन करती है। इसके अलावा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय परिधान ब्रांडों को भी कपड़ा उपलब्ध कराती है।

प्लांट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने कंपनी के पदाधिकारियों से उत्पादन प्रक्रिया, तैयार किए जा रहे परिधानों, खादी से निर्मित वस्त्रों और उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के बारे में जानकारी ली। उन्होंने 'अपना हुनर, अपनी पहचान' की अवधारणा के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने महिलाओं के कार्यों, प्रशिक्षण के अनुभवों और उनके सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

प्रधानमंत्री ने अरविंद मिल्स की ओर से तैयार विभिन्न प्रकार के वस्त्रों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने उत्पादन इकाई में महिलाओं की भागीदारी और उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इससे पहले मिर्जामुराद के खोचवां स्थित हेलीपैड पर पहुंचने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766402 Articles

Share this story