(अपडेट) 94वें फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) 94वें फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया


(अपडेट) 94वें फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया


—नमोघाट से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षा मंडप तक निकली साइकिल रैली- एशियाई खेलों के पदक विजेता पारुल, प्राची और युवाओं ने भी लिया हिस्सा

—नशे को 'ना' कहें, जिंदगी को 'हां' कहें की अपील

वाराणसी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। फिटनेस को बढ़ावा देने, युवाओं को सशक्त बनाने और नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार सुबह वाराणसी में ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के 94वें संस्करण का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ थीम पर आयोजित इस अभियान में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भाग लिया। उनके साथ एशियाई खेलों के पदक विजेता ( 2026 आइची-नागोया एशियाई खेल ) प्राची चौधरी, पारुल चौधरी, जय कुमार, राज कुमार पाल, द्रोणाचार्य अवार्डी प्रमोद मिश्रा, राज्य मंत्री गिरीश यादव, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भी साइकिल चलाकर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

रविवार सुबह छह बजे नमोघाट से शुरू हुई साइकिल रैली संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षा मंडप तक निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री ने नमोघाट पर युवा प्रतिभागियों का स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने काशी की पारंपरिक जोड़ी को अपने कंधे पर रखकर भारतीय सांस्कृतिक परंपरा के साथ फिटनेस और नशामुक्त भारत का संदेश भी दिया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज हम जिस उद्देश्य से कार्यक्रम कर रहे हैं, वह स्पष्ट है। साइकिलिंग फिटनेस का मंत्र है। यह सबसे अच्छी एक्सरसाइज है। साइकिलिंग से प्रदूषण की समस्या का समाधान हो सकता है। इससे ईंधन की बचत होती है और देश की विदेशी मुद्रा भी बचती है। साइकिलिंग से ट्रैफिक का भी समाधान हो सकता है।

उन्होंने कहा कि ‘संडे ऑन साइकिल’ के माध्यम से ‘माई भारत’ के लाखों युवा फिटनेस का संदेश दे रहे हैं। वाराणसी में भी बड़ी संख्या में युवा इस अभियान से जुड़ने के लिए नमो घाट पर जुटे। उन्होंने युवाओं से अभियान में भागीदारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाने की अपील की।

आयोजकों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य साइकिलिंग को सक्रिय जीवनशैली अपनाने का सरल, सुलभ और पर्यावरण के अनुकूल माध्यम बनाकर प्रोत्साहित करना है। सामूहिक भागीदारी के जरिए लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए। नियमित व्यायाम, खेल और साइकिलिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हैं, बल्कि स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के तहत नमोघाट पर योग सत्र, ऊर्जावान जुंबा, मनोरंजक खेलों और विभिन्न संवादात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ आदतें अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

देशभर में एक साथ चल रहा साइकिलिंग अभियान

‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, राहगिरी फाउंडेशन और माय भारत के सहयोग से किया जाता है। यह अभियान देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एक साथ संचालित होता है।

इसके तहत भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों, साई प्रशिक्षण केंद्रों, खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों और खेलो इंडिया केंद्रों में भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। देशभर में 6,000 से अधिक नमो फिट इंडिया क्लब भी प्रत्येक सप्ताह इस साइकिलिंग पहल के माध्यम से लोगों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन शनिवार को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू ) के स्वतंत्रता भवन सभागार में आयोजित 'माई भारत युवा सम्मेलन' में भाग लिया। कार्यक्रम में युवा उद्यमियों, खिलाड़ियों, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और युवा नेताओं को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों तथा युवाओं को प्रेरित करने में उनके योगदान के लिए सम्मान मिला। डिजिटल मंचों के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक संदेश प्रसारित करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स और नवाचार, रोजगार सृजन एवं सामुदायिक विकास में योगदान देने वाले युवा उद्यमियों की उपलब्धियों को भी सराहा गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, फिल्म निदेशक डा. विशाल चतुर्वेदी सहित कई प्रमुख हस्तियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में सहभागिता के बाद केन्द्रीय मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि आज मुझे काशी की ऊर्जावान धरती पर 'माई भारत युवा सम्मेलन'में हज़ारों युवा साथियों को संबोधित करने का अवसर मिला। 'नशा-मुक्त युवा' अभियान आज युवाओं के उत्साह और ऊर्जा से प्रेरित होकर एक राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन बन गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story