महाराष्ट्र से परिवार के साथ काशी आया किशोर नहाते समय गंगा में डूबा, मौत

WhatsApp Channel Join Now
महाराष्ट्र से परिवार के साथ काशी आया किशोर नहाते समय गंगा में डूबा, मौत


वाराणसी, 29 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र से अपने परिवार के साथ काशी में दर्शन पूजन के लिए आया किशोर रविवार को केदारघाट पर गंगा नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। जब तक किशोर को गंगा से निकाला जाता उसकी सांसे थम चुकी थी। एनडीआरफ की टीम ने काफी प्रयास के बाद शव को गंगा से बाहर निकाला। किशोर का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के सतारा जिले से वाराणसी घूमने आया सचिन (15) केदारघाट पर अपने परिजनों के साथ गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान सचिन फिसल कर गहरे पानी में समा गया। यह देख परिजनों ने शोर मचाया तो मौके पर मौजूद लोगों ने भेलूपुर पुलिस और एनडीआरएफ को घटना की जानकारी दी। एनडीआरएफ के गोताखोरों ने गंगा में तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद किशोर को पानी से ढूंढ निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृत किशोर के पिता ने बताया कि मैं अपनी बहन और भांजे, इकलौते पुत्र के साथ प्रयागराज और उसके बाद काशी घूमने के लिए आया था। गंगा स्नान करने के बाद हमलोग काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन पूजन के लिए जाने वाले थे। घाट पर नहाते समय बेटा गहरे पानी में डूब गया। उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story