अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने पति के साथ बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन
—कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ अभिनेत्री का स्वागत किया
वाराणसी, 27 मार्च (हि.स.)। जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने शुक्रवार को अपने पति डॉ श्रीराम नेने के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में हाजिरी लगाई। मंदिर में विधिविधान से दर्शन पूजन करने के बाद धाम परिसर में रूद्राभिषेक भी किया। पिछले दो दिन से वाराणसी शहर में मौजूद अभिनेत्री ने बाबा के दरबार में कुछ समय भी बिताया।
अभिनेत्री होटल से सीधे वाहनों के काफिले में नमोघाट पहुंची और वहां से क्रूज पर सवार होकर ललिताघाट के रास्ते बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचीं। मंदिर में दर्शन पूजन के लिए आए युवा श्रद्धालु अभिनेत्री माधुरी को देखकर हर-हर महादेव का उद्घोष कर उनका स्वागत करते रहे। यह देखकर अभिनेत्री और उनके पति ने मुस्करा कर लोगों का अभिवादन किया। मंदिर में दर्शन पूजन के बाद अभिनेत्री दीक्षित ने कहा कि आज बहुत शुभ दिन है कि नवरात्र की नवमी पर हम बाबा का आशीर्वाद लेने काशी आए हैं। कल हमने गंगा आरती देखी और आज बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन करने का सौभाग्य मिला। यहां आकर मन को काफी शांति मिली है। अभिनेत्री ने श्री काशी विश्वनाथ धाम के भव्य और विस्तारित स्वरूप की सराहना की। मंदिर न्यास की ओर से अभिनेत्री माधुरी को स्मृति चिह्न दे कर सम्मानित भी किया। न्यास की ओर से उन्हें प्रसाद भी भेंट किया गया।
इसके पहले बीते गुरूवार की शाम अभिनेत्री ने नमोघाट से क्रूज में सवार होकर गंगा में नौकायन का आनंद उठाया। इस दौरान अभिनेत्री और उनके पति ने अपनी तस्वीरें भी अधिकृत सोशल मीडिया पर शेयर किया। क्रूज में घूमने के दौरान अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने कुल्हड़ वाली चाय पी थी। दशाश्वमेध घाट के सामने गंगा आरती की और दीपदान भी किया था।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

