महिला आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी परिसीमन संवैधानिक आवश्यकता है: गजेन्द्र सिंह शेखावत

WhatsApp Channel Join Now
महिला आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी परिसीमन संवैधानिक आवश्यकता है: गजेन्द्र सिंह शेखावत


-काशी तमिल संगमम पर केन्द्रीय मंत्री बोले, काशी और तमिलनाडु का रिश्ता सदियों पुराना

वाराणसी, 29 नवम्बर (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने वाराणसी में रविवार को कहा कि काशी और तमिलनाडु का रिश्ता सदियों पुराना है। कुछ लोग यह नैरेटिव गढ़ने की कोशिश करते हैं कि मुगलों या अंग्रेजों के आने से पहले भारत एक देश और एक स्वरूप में नहीं था जबकि काशी-तमिल, सौराष्ट्र-तमिल संबंध, केरल से सोमनाथ तक आदि शंकराचार्य की यात्रा और कुंभ जैसे आयोजन इस बात के प्रमाण हैं कि भारत सदियों से एक और श्रेष्ठ था।

केन्द्रीय मंत्री काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित स्टूडेंट-फैकल्टी बिनाले-2026 का अवलोकन करने के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। सभागार में लगी प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन और देश के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी करीब 300 दुर्लभ तस्वीरों को देखने के बाद केन्द्रीय मंत्री ने क्रांतिकारियों और महापुरुषों के हस्ताक्षरों, प्रमुख राजनेताओं के चित्रों का अवलोकन किया। काशी तमिल संगमम से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि काशी और तमिलनाडु के सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराना है।

महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन के सवालों पर केन्द्रीय मंत्री ने विपक्षी दलों को निशाने पर लेकर कहा कि विपक्ष को स्पष्ट करना चाहिए कि वह महिलाओं को आरक्षण और विधायी संस्थाओं में अधिक अधिकार देने के पक्ष में है या नहीं । प्रधानमंत्री का संकल्प है कि मातृशक्ति को उसका अधिकार दिलाया जाए, इसके रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा। परिसीमन पर कहा कि विधायी और संवैधानिक दृष्टि से परिसीमन आवश्यक है। इसे केवल स्वतंत्र परिसीमन आयोग ही तय कर सकता है। महिला आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी परिसीमन संवैधानिक आवश्यकता है। इसलिए इसे किया जाना जरूरी है और यह होकर रहेगा। केन्द्रीय मंत्री के आगमन पर भाजपा पदाधिकारियाें ने स्वागत भी किया।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785351 Articles

Share this story