आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़ा संदिग्ध आतंकी मुरादाबाद से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़ा संदिग्ध आतंकी मुरादाबाद से गिरफ्तार


लखनऊ, 16 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश की एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। एटीएस ने दावा किया है कि वह सोशल मीडिया के जरिये आंतकी संगठन के विचारधारा को फैलाने और नए लोगों को जोड़ने का काम करता था।

एटीएस ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि मूलरूप से सहारनपुर जिले के मोहल्ला मानक मऊ निवासी हारिश अली को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया है। वह बीडीएस द्वितीय वर्ष का छात्रा था। विवेचना में पता चला है कि अभियुक्त देश में अपने आतंकी संगठन आईएसआईएस मॉड्युल के हैंडलरों व अन्य मुजाहिद साथियों के साथ जुड़कर चुनी गई लोकतांत्रिक सरकार गिराकर शरिया कानून लाना चाहता है। हारिश ने इंस्टाग्राम व इनक्रिप्टेड एप्स अन्य वीपीएन का प्रयोग करते हुए आतंकी संगठन समर्थिक ग्रुप्स बनाए थे। इन ग्रुपों में वह आईएसआईएस से जुड़े मीडिया चैनलों और पत्रिकाओं, आतंकी की विचाराधारा से संबंधित सामग्री, मारे गए आतंकियों वीडियो और तस्वीरें साझा करता था। इतना नहीं वह आतंकियों के आकाओं का भाषण भेजता था। जांच में पाया गया कि वह भारत के साथ—साथ पाकिस्तान और विदेश के अन्य आतंकी संगठन के हैंडलरों के सम्पर्क में था।

पूछताछ में पता चला है कि उसने अपना एक पृथक ग्रुप अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन भी बनाया था। इसके जरिए वह आतंकी संगठन से जुड़ी सामग्री प्रचार प्रसार करता था। वह आईएसआईएस के सक्रिय सदस्य के रूप में आईएसआईएस के मीडिया एवं न्यूज चैनल अल-नाबा तथा उसकी प्रोपेगेंडा मैगजीन दबिक का अनुसरण करता था। हारिस ने बताया कि वह लोकतांत्रिक व्यवस्था को नहीं मानता है और शरिया कानून लागू कर खिलाफत व्यवस्था, जो आईएसआईएस का एक मात्र उद्देश्य है, को जग-ए-जेहाद कर स्थापित करना चाहता था जिसके लिए वह ग्रुप्स में लोगो को फिदायीन हमले करने के लिए प्रेरित करता था।

गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विवेचना प्रचलित है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story