जम्मू-कश्मीर में सीतापुर के अग्निवीर इंद्रजीत गुप्ता की मौत, क्षेत्र में शोक

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू-कश्मीर में सीतापुर के अग्निवीर इंद्रजीत गुप्ता की मौत, क्षेत्र में शोक


सीतापुर , 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के पकरिया धापूपुर गांव के लाल 23 वर्षीय अग्निवीर जवान इंद्रजीत गुप्ता की शुक्रवार क़ो ड्यूटी के दौरान अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई।

इंद्रजीत गुप्ता वर्ष 2022 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती कश्मीर के कुपवाड़ा में थी। उनके असमय निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। हर आंख नम है और हर दिल अपने वीर सपूत के लिए गर्व और गम से भरा हुआ है। एक साधारण परिवार में जन्मे इंद्रजीत ने बचपन से ही देश सेवा का सपना देखा था। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने अग्निवीर बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया। उनके पिता अर्जुन लाल गुप्ता भी भारतीय सेना से हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हैं। इंद्रजीत ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

इंद्रजीत के जुड़वां भाई इंद्रपाल गुप्ता भी एसएसबी में देश सेवा कर रहे हैं। परिवार में देशभक्ति की यह भावना हर किसी को भावुक कर रही है। कुछ ही दिन पहले 19 फरवरी को बहन की शादी में शामिल होकर इंद्रजीत 7 मार्च को ड्यूटी पर लौटे थे। किसे पता था कि यह उनकी आखिरी विदाई होगी।

परिवार का मुख्य निवास लखीमपुर में है, जबकि गांव में भी उनके परिजन रहते हैं। इस दुखद खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। शनिवार देर दोपहर तक वीर सपूत का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पकरिया धापूपुर पहुंचने की संभावना है, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

Share this story