(अपडेट) फिरोजाबाद सड़क हादसा: दो और घायलों ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हुई

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) फिरोजाबाद सड़क हादसा: दो और घायलों ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हुई


(अपडेट) फिरोजाबाद सड़क हादसा: दो और घायलों ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हुई


फिरोजाबाद, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। थाना नसीरपुर क्षेत्र के छटनपुरा गांव के पास हुए इस हादसे में घायल दो और लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, छह अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

गांव छटनपुरा में शरद पूर्णिमा के अवसर रविवार रात टेशू-झांझी की शादी के बाद ग्रामीण बटेश्वर मार्ग पर सड़क किनारे स्थित कुएं के पास टेशू-झांझी का विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी लड़कियों व ग्रामीणों को रौंद दिया। ग्रामीणों द्वारा कार का पीछा करने पर चालक ने पुनः ग्रामीणों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में चार लोगों आकांक्षा (15), अंजली (15), दीपिका (17), हरीश उर्फ सोनू (25) की देर रात में ही मौत हो गई थी, जबकि आठ लोग घायल हुए थे। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था। इन घायलों में से गुनगुन (10) और कार सवार गुलफाम की उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। वहीं अन्य छह घायलों का अस्पताल में उपचार हो रहा है। रात्रि में मृत चार लोगों के शवों का गांव में विधि विधान से अंतिम संस्कार हुआ। इस हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने कहा कि कार की टक्कर से घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया था। इस हादसे में अब तक छह लाेगाें की माैत हाे चुकी है। इनमें चार शवों का पोस्टमार्टम हो गया है, जबकि दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

मृतक हरीश के पिता की सदमे में मौतइस हादसे में मृत हरीश उर्फ सोनू के पिता गंभीर सिंह जो कि अस्पताल में कैंसर का उपचार करा रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि गंभीर सिंह को जब बेटे हरीश की सड़क हादसे में मौत की खबर मिली तो उनकी हालत बिगड़ गई और सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।

इधर, सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव गांव छटनपुरा पहुंचे। उन्होंने मृतकों व घायलों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। -------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767305 Articles

Share this story