विश्व हिंदू परिषद का अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष में एक करोड़ हित चिंतक बनाने का लक्ष्य : विनायक राव देशपांडे

WhatsApp Channel Join Now
विश्व हिंदू परिषद का अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष में एक करोड़ हित चिंतक बनाने का लक्ष्य : विनायक राव देशपांडे


-विश्व हिंदू परिषद चला रही हित चिंतक अभियान, नैनी में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर घर-घर पहुंचने का दिलाया संकल्प

प्रयागराज, 28 नवंबर (हि.स.)। अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष में विश्व हिंदू परिषद ने देशभर में एक करोड़ हित चिंतक बनाने का संकल्प लिया है। संगठन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर उन्हें धर्म, संस्कृति, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर संगठन की गतिविधियों और सेवा कार्यों की जानकारी देंगे।

यह बातें शनिवार को विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह संगठन महामंत्री विनायक राव देशपांडे ने प्रयागराज के नैनी स्थित अभिनंदन गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहीं।

उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की देशभर में 74 हजार समितियां काम कर रही हैं। संगठन की गतिविधियां दुनिया के 30 देशों तक पहुंच चुकी हैं। सेवा कार्यों के तहत सात हजार से अधिक सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। इनमें 122 छात्रावास, 33 अनाथालय, 500 से अधिक विद्यालय, चिकित्सा क्षेत्र में 1600 से अधिक केंद्र, 1300 संस्कारशालाएं और 500 से अधिक कोचिंग एवं प्रतिभा विकास केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा सेवा बस्तियों में महिलाओं के प्रशिक्षण के लिए 400 से अधिक केंद्र चलाए जा रहे हैं।

विनायक राव देशपांडे ने कहा कि सामाजिक समरसता, धर्मांतरण और गो-रक्षा के क्षेत्र में संगठन लगातार काम कर रहा है। संगठन की ओर से 300 से अधिक गोशालाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि मतांतरित होकर दूसरे धर्म में गए 11 लाख से अधिक लोगों को फिर से अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ा गया है। जहां संगठन की समितियां हैं, वहां सत्संग भी आयोजित किए जा रहे हैं।

घर-घर पहुंचकर लोगों को संगठन से जोड़ने की अपील

उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के सामने धर्मांतरण और लव जिहाद जैसी चुनौतियां हैं। इनका मुकाबला करने के लिए समाज को जागरूक और संगठित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से संगठन प्रत्येक तीन वर्ष में हित चिंतक अभियान चलाता है। कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर संगठन के कार्यों और सेवा प्रकल्पों की जानकारी देनी चाहिए।

उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को जनभागीदारी का व्यापक कार्यक्रम बनाने तथा घर-घर पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोगों को संगठन से जोड़ने के साथ सेवा कार्यों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।

बैठक में प्रांत संगठन मंत्री राजेंद्र, प्रांत उपाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, प्रांत कोषाध्यक्ष रविंद्र मोहन गोयल, विभाग संगठन मंत्री आलोक प्रताप, जिला उपाध्यक्ष गुरु प्रकाश राव, अनुज अग्रवाल, जिला मंत्री मनीष श्रीवास्तव, संकर्षण पांडेय, लल्लू लाल कुशवाहा और दीपक सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785032 Articles

Share this story