नोएडा बस हादसा: प्रधानमंत्री ने की प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख, हर घायल को 50 हजार रुपये की मदद देने की घोषणा
नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस हादसे पर संवेदना जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, ''उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।''
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश के महोबा जा रही एक डबल डेकर बस में बुधवार मध्य रात्रि यमुना एक्सप्रेस-वे के 33 किलोमीटर पर आग लग गई। बस में उसे समय 35 लोग सवार थे। इस हादसे में एक महिला सहित नौ लोगों की जलकर मौत हो गई ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

