नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने हनुमानगढ़ी-श्रीराम जन्मभूमि में की पूजा-अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने हनुमानगढ़ी-श्रीराम जन्मभूमि में की पूजा-अर्चना


अयोध्या, 22 अप्रैल (हि.स.)। नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने बुधवार को अयोध्या पहुंचकर हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि में विधिवत दर्शन और पूजन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धा व्यक्त करते हुए भगवान राम के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट की।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने भावुक अंदाज में कहा कि “भगवान राम हमारे पाहुन हैं और मैं अपने पाहुन के घर आया हूं।” उन्होंने कहा कि अयोध्या आना उनके लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव है।

राज्यपाल ने रामलला के दर्शन को आस्था और गौरव का प्रतीक बताते हुए कहा कि भगवान श्रीराम केवल धार्मिक आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि मर्यादा, आदर्श और नैतिकता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि करीब 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण होना देशवासियों के लिए गर्व और संतोष का विषय है।

उन्होंने कहा कि राम के स्वरूप में माता सीता, लक्ष्मण और भगवान हनुमान का समावेश भारतीय संस्कृति, परिवार व्यवस्था और आदर्श जीवन मूल्यों की झलक प्रस्तुत करता है। यह समग्रता भारतीय सभ्यता की विशेषता है।

नंदकिशोर यादव ने यह भी कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद देशभर, विशेषकर युवाओं में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना का नया उत्साह देखने को मिल रहा है। अयोध्या में तेजी से हो रहे विकास और बदलते सांस्कृतिक माहौल का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

उन्होंने अंत में कहा कि अयोध्या अब केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का वैश्विक केंद्र बनता जा रहा है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story