(अपडेट) देश को हिंसा और अराजकता की आग में झोंकना चाहती है कांग्रेस : राजनाथ सिंह

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) देश को हिंसा और अराजकता की आग में झोंकना चाहती है कांग्रेस : राजनाथ सिंह


लखनऊ, 16 अक्टूबर (हि.स.)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरूवार को लखनऊ में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस देश को हिंसा और अराजकता की आग में झोंकना चाहती है। स्वयं को महात्मा गांधी का राजनीतिक उत्तराधिकारी होने का दावा करने वाली कांग्रेस हिंसा और अराजकता के सहारे ‘Regime Change (सत्ता परिवर्तन)’ जैसी बातें करके अपनी राजनीतिक पराजय का बदला देश से लेना चाहती है। रक्षामंत्री अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ दौरे के दूसरे दिन प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस जिस तरह बांग्लादेश जैसी परिस्थितियां भारत में पैदा करने के सपने देख रही है, उसे देखते हुए मैं कह सकता हूं कि कांग्रेस ने ‘गांधी’ नाम का इस्तेमाल करने का नैतिक आधार खो दिया है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 37 वर्षों से सत्ता से बाहर है। यह जनता के वोटों की कथित चोरी की वजह से है या कांग्रेस की कामचोरी और कामकाज की विफलता के कारण, यह प्रदेश और देश की जनता भली-भांति समझती है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के चौरी-चौरा में अंग्रेज़ों के शासनकाल के दौरान हिंसा की घटना के बाद महात्मा गांधी ने पूरा असहयोग आंदोलन वापस ले लिया था। उन्हाेंने कहा कि ‘सत्ता परिवर्तन’, ‘प्रतिरोध’ और ‘संसद नहीं, सड़क से ही रास्ता निकालना है’ जैसे नारों और बयानों से यह स्पष्ट होता है कि दिल्ली में जो कुछ हो रहा है, वह राजनीतिक समाधान खोजने के बजाय अराजकता के माध्यम से भारत की प्रगति को पटरी से उतारने का निंदनीय प्रयास है।

रक्षामंत्री ने कहा कि भारत की प्रगति और वैश्विक उभार से कई शक्तियां असहज महसूस करती होंगी। देश को यह समझने की आवश्यकता है कि चुनावों में लगातार पराजय का सामना कर रहे कुछ राजनीतिक दल आज जाने-अनजाने में ऐसी शक्तियों के हाथों में खेलते हुए नज़र आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत ने शानदार सफलता हासिल की है। आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के साथ-साथ, आज हम पहली बार रक्षा उत्पादों के निर्यातक देश के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित कर रहे हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय जगत में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है, भारत की साख बढ़ी है और भारत की विश्वसनीयता भी बढ़ी है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने कभी देश की चुनावी व्यवस्था पर संदेह नहीं किया। हमने कभी भी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास नहीं किया। हमने कभी जनता को गुमराह करने की कोशिश भी नहीं की। हमने हमेशा देश की जनता, देश के संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान किया है। त्रभारत का भविष्य हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। हमें टकराव नहीं, संवाद और राष्ट्र निर्माण का मार्ग चुनना हैं।

रक्षामंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर ‘Politics of Disruption (व्यवधान की राजनीति)’ करने के बजाय, जनमत का सम्मान करते हुए, अपनी राजनीतिक भूमिका पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक संस्थाएँ राजनीतिक स्वार्थों की बलि नहीं चढ़ाई जा सकतीं। झूठे आक्रोश, संस्थाओं को बदनाम करने के प्रयास और राजनीतिक अवसरवाद के सहारे भारत की विकास यात्रा को बाधित नहीं किया जा सकता। राहुल गांधी और उनके सहयोगियों को समझना होगा कि लोकतंत्र अराजकता फैलाने, संवैधानिक संस्थाओं की साख पर चोट करने या भारत की विकास यात्रा में बाधा डालने का लाइसेंस नहीं है। जब राजनीतिक स्वार्थ को सत्य और राष्ट्रीय हित से ऊपर रखा जाता है, तो लोकतांत्रिक विमर्श तथ्यों और तर्कों के बजाय दुराग्रहों और दुष्प्रचार का शिकार हो जाता है।

‘सत्ता परिवर्तन’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया जाना यह स्पष्ट करता है कि उनकी लड़ाई सुधार के लिए नहीं है, उनकी लड़ाई विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए नहीं है, उनकी लड़ाई ज्ञानेश कुमार के लिए नहीं है और न ही उनकी लड़ाई देश के नौजवानों के उज्ज्वल भविष्य के लिए है। बल्कि, यह लड़ाई देश में अराजकता पैदा करने और किसी भी तरह सत्ता हासिल करने की उनकी साज़िश का हिस्सा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार को डंके की चोट पर गिराने की बात करते हैं। इससे स्पष्ट होता है कि उनका एकमात्र एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को ध्वस्त करना और देश में आग लगाना है।

रक्षामंत्री ने कहा कि देश के युवाओं को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस और उनके राजनीतिक सहयोगी, प्रत्यक्ष रूप से और अपने समर्थक संगठनों के माध्यम से, युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने के बजाय, राजनैतिक टकराव और अराजकता फैलाने का साधन बना रहे हैं।

प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के अन्य नेता उपस्थित रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761756 Articles

Share this story