पूर्व सांसद आमिर आलम खान समेत उत्तर प्रदेश के 10 से अधिक नेता कांग्रेस में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व सांसद आमिर आलम खान समेत उत्तर प्रदेश के 10 से अधिक नेता कांग्रेस में शामिल


नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद आमिर आलम खान, पूर्व विधायक नवाजिस आलम, इंडियन मेडिकल काउंसिल उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद अकरम, मोहम्मद मूसा समेत 10 से अधिक नेता बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। सभी नेताओं ने कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर आमिर आलम खान ने पत्रकार वार्ता में कहा कि आज देश में साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी में आने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सांसद इमरान मसूद ने उन्हें प्रेरित किया, जिसके लिए उन्होंने उनका आभार जताया।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस से प्रभावित होकर उत्तर प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता आज पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने सभी नए सदस्यों का कांग्रेस में स्वागत किया।

गौतम ने कहा कि यह केवल चुनावी लड़ाई नहीं बल्कि देश को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस निर्वाचन आयोग पर निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी है, वहां जनता के मताधिकार को चुराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story