भाजपा विधायक ने रोका स्वतंत्रदेव सिंह का काफिला, हंगामे के बीच गांवों की सड़कों एवं पानी की समस्या से कराया अवगत

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा विधायक ने रोका स्वतंत्रदेव सिंह का काफिला, हंगामे के बीच गांवों की सड़कों एवं पानी की समस्या से कराया अवगत


​मंत्री ने कहा- वे स्वयं गांवों में जाकर करेंगे जांचमहोबा, 30 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को महोबा जनपद के दौरे पर आए। वे जिला मुख्यालय स्थित एक निजी कॉलेज के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद काफिले के साथ जब बाहर निकले तो चरखारी से भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने उन्हें रोक लिया और जल जीवन मिशन योजना में बरती जा रही लापरवाही एवं भ्रष्टाचार की बात कही। शिकायतों के बीच बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण भी नारेबाजी करते हुए आ गए, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति संभाल ली।

इस दाैरान विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह को जिलेभर में जल जीवन मिशन से अस्त व्यस्त सड़कों और गांव-गांव में टूटी पड़ी टोंटियों में पानी न पहुंचने की समस्या से अवगत कराया। समस्याएं सुनने के बाद मंत्री ने कहा कि वे स्वयं कार्यक्रम छोड़कर उन सभी गांवों में जाकर देखेंंगे और जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत निलंबित करेंगे। उन्होेंने कहा कि वे 40 हों या 50 गांव, सभी जगह जाएंगे और अगर सड़क खुदी होने या पानी न आने की समस्या मिली ताे जिम्मेदार अधिकारी काे निलंबित करेंगे। उन्हाेंने माैके पर माैजूद ग्राम प्रधानाें से भी चर्चा भी की। कलेक्ट्रेट में भी ग्राम प्रधानाें से भी समस्याओं पर चर्चा की और प्रधानाें ने अपने अपने गांवाें में सड़कें खुदी हाेने पर पूर्व किए गए कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए और तत्कल मरम्मत कार्य पूरा होने की जानकारी दी।

विधायक ब्रजभूषण राजपूत और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बीच बातचीत होती देख दोनों पक्षों के समर्थकों में भी बहस होने लगी व नारेबाजी करने लगे। बहसबाजी के बीच जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत को अपनी गाड़ी में बैठाया और कहा कि वे गांव में ​पानी एवं सड़क की समस्याओं का समाधान करेंगे।

कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के का​​फिले को इस तरह रोके जाने से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। उन्होंने अपना सुरक्षा घेरा बढ़ाते हुए तत्काल भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति संभाली और जैसे तैसे कैबिनेट मंत्री का काफिला रवाना किया। उनके साथ चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत भी थे।

अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोइनुल इस्लाम ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत महोबा जनपद में कुल 1131 किमी सडकें क्षतिग्रस्त हुई थी और इनमें से 1118 किमी सडकों को पुनर्निर्माण कर लिया गया है। इसी प्रकार चरखारी क्षेत्र में 713 किमी सडकें क्षतिग्रस्त हुई थी। इनमें 706 किमी सडकों को पुनर्निर्माण किया जा चुका है। कलेक्ट्रेट में ग्राम प्रधानों ने अवगत कराया है कि उनके गांव में सडकों का पैच वर्क ठीक नहीं है, तो वहां भी कार्य कराया जा रहा है। कार्यों का भौतिक सत्यापन भी कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story