हर मनुष्य के अंदर नारी रक्षा का भाव पैदा होना चाहिए: डॉ इन्द्रेश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
हर मनुष्य के अंदर नारी रक्षा का भाव पैदा होना चाहिए: डॉ इन्द्रेश कुमार


हर मनुष्य के अंदर नारी रक्षा का भाव पैदा होना चाहिए: डॉ इन्द्रेश कुमार


हर मनुष्य के अंदर नारी रक्षा का भाव पैदा होना चाहिए: डॉ इन्द्रेश कुमार


हर मनुष्य के अंदर नारी रक्षा का भाव पैदा होना चाहिए: डॉ इन्द्रेश कुमार


लखनऊ, 17 अक्टूबर (हि.स.)। प्रेरणा परिवार की ओर से नवरात्रि के उपलक्ष्य में शनिवार को जनभवन प्रांगण में 5100 कन्याओं का पूजन किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. इंद्रेश कुमार ने कन्या पूजन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हर मनुष्य के अंदर नारी रक्षा का भाव पैदा होना चाहिए और बुजुर्गों का हमेशा सम्मान होना चाहिए। कन्या पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कन्याओं का पाद प्रक्षालन कर पूजन किया और प्रसाद वितरण किया।

समारोह के दौरान डॉ. इंद्रेश कुमार ने भारतीय मूल्यों पर जोर देते हुए कहा कि भारत में कन्या पूजन की परंपरा इसलिए है ताकि यहां के लोग सही मायने में मानव बन सकें। अगर आज दुनिया के अंदर भारत सबसे अच्छा देश माना जाता है, तो इसके पीछे हमारी यही गौरवशाली संस्कृति है। उन्हाेंने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां के लोग देवता बनते हैं और जहां नारी का अपमान होता है, वहां के लोग राक्षस प्रवृत्ति के कहलाते हैं। भारत की सनातन संस्कृति यही सिखाती है कि नारी का आदर करने वाले ही देवता कहलाने योग्य हैं। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का उदाहरण देते हुए कहा कि श्री राम नारी के सम्मान का सबसे बड़ा प्रतीक हैं।

इस कार्यक्रम में लखनऊ के आसपास क्षेत्रों की सेवा बस्तियों से कन्याएं आयी थीं। राजभवन पहुंचने पर कन्याओं का पांव प्रक्षालन के बाद तिलक कर और चुनरी भेंटकर उनका स्वागत किया गया।

शिखा भार्गव ने बताया कि अपनी सांस्कृतिक व सामाजिक धरोहर को संजोये रखने के उद्देश्य से मार्च 2024 में लखनऊ शहर के 11 युवा दंपतियों के सहयोग से प्रेरणा परिवार का गठन किया गया। संस्था का मूल संकल्प है अपनी सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करना और उसके प्रति गौरव का भाव जगाना है।

प्रशान्त भाटिया ने कहा कि कन्या पूजन का उद्देश्य सामाजिक समरसता का भाव पैदा करना और सेवा बस्तियों के साथ—साथ समाज के प्रबुद्ध लोगों को भी यह अहसास कराना है कि सम्पूर्ण समाज अपना है।

प्रेरणा परिवार के अध्यक्ष गुंजित कालरा ने बताया कि प्रेरणा परिवार का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को सनातनी परम्पराओं और मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में भारतीय पर्वों और त्यौहारों को धूमधाम से मानाने की परंपरा रही है, जो युगों से चली आ रही है। यह पर्व हमारी गौरवशाली संस्कृति व आस्था का प्रतीक है। जनभवन में यह तीसरा कार्यक्रम है। यह संस्था नई पीढ़ी में सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता व सम्मान बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर आरएसएस के प्रांत प्रचारक कौशल, प्रांत संपर्क प्रमुख गंगा सिंह, विद्यार्थी परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री घनश्याम शाही प्रांत प्रचारक प्रमुख यशोदा, प्रांत समरसता प्रमुख राजकिशोर उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762339 Articles

Share this story