उप्र में संपत्ति के विवाद में बेटे ने की मां-पिता, बहन और दादी की हत्या

WhatsApp Channel Join Now
उप्र में संपत्ति के विवाद में बेटे ने की मां-पिता, बहन और दादी की हत्या


बहराइच, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में संपत्ति के विवाद में एक बेटे ने अपने माता-पिता, दादी और बहन की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित ने खुद पर भी ईट मारकर जान देने का प्रयास किया। पुलिस ने घायल आरोपित को अस्पताल में भर्ती कराया और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया है।

पुलिस अधीक्षक आर.एन. सिंह ने बताया कि रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर रूदल (रामगांव) में रहने वाले बदलूराम (60) किसान थे। परिवार में पत्नी संजू (56), बेटी पार्वती (42), बेटा गुरुदेव, निरंकार और दादी शीतला (80) थीं। बड़े बेटे गुरुदेव ने बताया कि कुछ साल पहले पिता ने जमीन बेची थी। उस पैसे और संपत्ति को लेकर छोटे भाई निरंकार से विवाद चल रहा था। उसी पैसे के बंटवारे के लिए रविवार रात को छोटा भाई घर आया। पिता ने पैसे देने से मना किया तो उसने पास रखी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बीच बचाव के दौरान उसने मां संजू, बहन पार्वती और दादी शीतला पर भी कुल्हाड़ी से कई प्रहार कर दिए। स्थानीय लोग जब उसे पकड़ने लगे तो उसने अपने सिर पर भी ईंट मारकर लहूलुहान कर लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता, मां, बहन और दादी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल आरोपित निरंकार को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी और एक ईंट बरामद की है।

उन्होंने बताया कि गुरुदेव की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के पीछे संपत्ति के बंटवारे की बात सामने आ रही है। इसी के चलते ही आरोपित ने अपने ही परिवार को मौत के घाट उतार दिया है। घटना में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story