सरकार व आन्दोलनकारी मिलकर जल्द सौहार्दपूर्ण समाधान निकालेंः मायावती

WhatsApp Channel Join Now
सरकार व आन्दोलनकारी मिलकर जल्द सौहार्दपूर्ण समाधान निकालेंः मायावती


लखनऊ, 23 जुलाई (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने देश की राजधानी नई दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन में विपक्षी दलों के नेताओं की भागीदारी को राजनीतिक लाभ लेने की मंशा करार दिया है।उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि सरकार व आन्दोलनकारी दोनों मिलकर इसका शान्ति व सौहार्दपूर्ण समाधान जितना जल्द निकालें उतना उचित होगा।

उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर इस संबंध में गुरुवार को पोस्ट की है। जिसमें उन्होंने कहा कि पेपरलीक सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का देश की राजधानी नई दिल्ली में संसद के नज़दीक जन्तर-मन्तर में पिछले कई दिनों से प्रदर्शन चल रहा है। अपने भविष्य को लेकर उनके द्वारा जारी अनिश्चितकालीन आन्दोलन के कारण सड़क से लेकर संसद तक ज़बरदस्त हंगामा बरपा है। अब विपक्ष के राजनीतिकरण से यह मुद्दा सरकार के साथ सीधे टकराव का हो गया है, जिस विषम स्थिति से देश को निकालना ज़रूरी है। क्योंकि इससे दिल्ली ही नहीं बल्कि विभिन्न राज्यों में भी आम जनजीवन प्रभावित होगा।

मायावती ने विपक्षी दलों का नाम लिए बिना कहा कि सीजेपी के व्यापक हो रहे आन्दोलन का अब विभिन्न राजनीतिक पार्टियों द्वारा अपने-अपने संकीर्ण स्वार्थ में राजनीतिकरण करके सड़क से लेकर संसद तक में टकराव व हिंसा किया जाना घोर अनुचित है। सरकार व आन्दोलनकारी दोनों मिलकर इसका शान्ति व सौहार्दपूर्ण समाधान जितना जल्द निकालें उतना ही उचित होगा।

बसपा सुप्रीमो ने यह भी कहा कि आल-इण्डिया व राज्यों की परीक्षाओं आदि में पेपरलीक का मुद्दा हो या मंदिर में चढ़ावा चोरी/ग़बन आदि का मामला, यह सभी मूलतः भ्रष्टाचार के हर स्तर पर पनपने का परिणाम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story