सुधांशु त्रिवेदी का सपा-कांग्रेस पर तंज, बोले- दोनों दलों में नेतृत्व और वर्चस्व की होड़

WhatsApp Channel Join Now
सुधांशु त्रिवेदी का सपा-कांग्रेस पर तंज, बोले- दोनों दलों में नेतृत्व और वर्चस्व की होड़


कानपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन की राजनीति में आपसी खींचतान और नेतृत्व की प्रतिस्पर्धा साफ दिखाई दे रही है।

शनिवार को कानपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. त्रिवेदी ने सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावनाओं पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के नेता जिस तरह एक-दूसरे से गले मिलते दिखाई देते हैं, उससे गठबंधन की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेता दस मिनट भी साथ बैठकर एक-दूसरे का परिचय नहीं कर पाए होंगे, सीटों के बंटवारे की बात तो दूर है। गले मिलने के दौरान भी एक-दूसरे पर अधिक कब्जा जमाने की होड़ दिखाई देती है।

भाजपा प्रवक्ता ने सपा की पीडीए राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए की परिभाषा परिस्थितियों के अनुसार बदलती रहती है, जबकि भाजपा की राजनीति का आधार राष्ट्रहित है।

प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा में किसी तरह के विवाद की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री का चेहरा स्पष्ट है, जबकि विपक्षी दलों में नेतृत्व और आपसी वर्चस्व को लेकर खींचतान बनी हुई है। कांग्रेस के भीतर भी अलग-अलग गुटों के बीच मतभेद सामने आते रहे हैं।

संसद के विशेष सत्र और महिला आरक्षण के मुद्दे पर डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि महिलाओं को संसद में एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने का संकल्प सरकार की प्राथमिकता है। परिसीमन का उद्देश्य संसद को बदलती परिस्थितियों के अनुरूप आधुनिक बनाना है।

विपक्ष की ओर से राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर उठाई जा रही आशंकाओं पर उन्होंने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था में राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात बनाए रखने की बात है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है तो तमिलनाडु की सीटों में भी उसी अनुपात में वृद्धि होगी।

उत्तर प्रदेश में औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए त्रिवेदी ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टों से होती थी, लेकिन अब लखनऊ के रक्षा गलियारे में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है और उसका निर्यात भी किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार और विकास के अवसर बढ़ाए हैं। विपक्ष के पास न तो स्पष्ट नेतृत्व है और न ही कोई साझा दिशा। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा को निर्णायक समर्थन देगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story