नितिन नवीन से मिले पंकज चौधरी, भाजपा में संगठनात्मक बदलाव पर मंथन तेज

WhatsApp Channel Join Now
नितिन नवीन से मिले पंकज चौधरी, भाजपा में संगठनात्मक बदलाव पर मंथन तेज


नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से बुधवार को यहां मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और उत्तर प्रदेश के महासचिव (संगठन) धर्मपाल सिंह भी उपस्थित थे।

सूत्रों ने बताया कि यह मुलाकात दो घंटे से ज्यादा समय तक चली। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश संगठन में बदलाव को लेकर यह मुलाकात हुई है। बैठक में प्रदेश इकाई के पुनर्गठन को लेकर नेताओं के नामों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पदाधिकारियों के नामों की सूची को अंतिम रूप देने से पहले 21-22 मई को एक बार फिर से केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की जा सकती है। उत्तर प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों में संगठन के पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी जाएगी।

माना जा रहा है कि योगी मंत्रिपरिषद में विस्तार के बाद राज्य विधानसभा के आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने सांगठनिक स्तर पर अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। माना जा रहा है कि जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को जिला इकाई से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों दी जा सकती हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नवीन के निर्वाचन के बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी पुनर्गठन होना है। इसमें प्रदेश के नेताओं को जगह मिल सकती है। इस कारण प्रदेश स्तर पर भी जगह खाली होने की उम्मीद की जा रही है। राज्य सरकार में नए मंत्रियों को शामिल किए जाने के बाद संगठन में बदलाव कर पार्टी पूरी मजबूती और समीकरणों को साधकर चुनावी मैदान में उतरने की योजना बना रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story