मीरजापुर : जीआरपी ने बिना टिकट-वीजा सफर करते बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा, जा रहा था पुलवामा

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : जीआरपी ने बिना टिकट-वीजा सफर करते बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा, जा रहा था पुलवामा


मीरजापुर, 22 अगस्त (हि.स.)। मीरजापुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम चेकिंग के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने ब्रह्मपुत्र मेल के एसी कोच से एक बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा। पूछताछ में उसके पास न तो यात्रा का टिकट मिला और न ही भारत में प्रवेश और रहने से संबंधित वीजा दस्तावेज। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कामाख्या से दिल्ली जा रही 15658 ब्रह्मपुत्र मेल शनिवार शाम मीरजापुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची थी। इसी दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ट्रेन में चेकिंग कर रही थी। एसी कोच में एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की।

पूछताछ में उसने खुद को बांग्लादेश का नागरिक बताया। पुलिस ने उससे टिकट और वीजा मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे ट्रेन से उतारकर जीआरपी थाने लाया गया।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान बांग्लादेश के हबीबगंज जिले के एक थाना क्षेत्र के मुजलिसपुर गांव निवासी 23 वर्षीय मो. रियाज के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह गुवाहाटी से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा काम करने जा रहा था और वहां कबाड़ बीनने का काम करता है। उसका दावा है कि वह पिछले कुछ वर्षों से वहां रह रहा है और करीब दो माह पहले इसी रास्ते से अपने घर बांग्लादेश गया था। कुछ दिन घर रहने के बाद वह दोबारा काम पर लौट रहा था।

जीआरपी ने आरोपित के खिलाफ बिना वैध दस्तावेज भारत में प्रवेश/रहने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस उसके भारत आने, यहां रहने और यात्रा से जुड़े तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है।

जीआरपी प्रभारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान ब्रह्मपुत्र मेल के एसी कोच से एक बांग्लादेशी नागरिक पकड़ा गया है। उसके पास टिकट और वीजा नहीं मिला। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story