वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सीमा के गांवों का विकास करा रही केंद्र सरकार : सांसद आनंद गौड़
लखनऊ, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की बहराइच लोकसभा क्षेत्र से सांसद आनंद गौड़ ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत नेपाल सीमा से सटे गांवों का विकास करा रही है।
उत्तर प्रदेश की बहराइच लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से 2024 में चुनकर संसद पहुंचे आनंद गौड़ ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की वाइब्रेंट विलेज योजना संचालित की जा रही है। इस योजना में बहराइच के 34 गांवों को शामिल किया गया है। इससे गांवों का चहुमुखी विकास किया जाएगा। मसलन उन गांवों में आधुनिक विद्यालय, सड़क, नाली, बिजली, अस्पताल जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे एक वर्ग द्वारा डेमोग्राफिक बदलाव की कोशिशें कमजोर पड़ेंगी। साथ ही पलायन की आशंका दूर होगी।
उन्हाेंने बताया कि पूरे बॉर्डर क्षेत्र में सड़क बनाने की योजना भी संचालित है। यह योजना भी गृह मंत्रालय की ओर से चलाई जा रही है। कई सड़कें बनाई जा रही हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ सरकार ने सीमा से जुड़े क्षेत्रों में सरकारी भूमि से कब्जे हटाये हैं। कई अवैध मदरसे चल रहे थे, उनका ध्वस्तीकरण किया गया है। योगी सरकार में बेटियां सुरक्षित हैं। व्यापारी सुरक्षित हैं। छात्रों का भविष्य उज्ज्वल है। कानून व्यवस्था ठीक होने की वजह से आज उत्तर प्रदेश में उद्यमी निवेश कर रहे हैं।
बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जिन अल्पसंख्यक संस्थानों में अल्पसंख्यक छात्रों की संख्या कम है और बहुसंख्यक छात्रों की संख्या ज्यादा है, उन संस्थानों का अल्पसंख्यक का दर्ज समाप्त होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिस भी धर्म, समुदाय व पंथ की आबादी 20 फीसदी से अधिक हो उसका अल्पसंख्यक का दर्जा समाप्त होना चाहिए। इससे अन्य अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों का विकास होगा।
सांसद आनंद गौड़ ने 2027 के विधानसभा चुनाव पर उन्होंने कहा कि बहराइच की सभी विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित है। 2027 में एक बार भाजपा सरकार बनेगी। हम सारे रिकॉर्ड ध्वस्त करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

