ईडी ने आजम खान को गाजियाबाद की पीएमएलए अदालत में किया पेश, रिमांड की मांग

WhatsApp Channel Join Now
ईडी ने आजम खान को गाजियाबाद की पीएमएलए अदालत में किया पेश, रिमांड की मांग


गाजियाबाद, 01 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम रविवार को गाजियाबाद स्थित विशेष प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) अदालत लेकर पहुंची। अदालत परिसर में पेशी को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान पत्रकारों ने जब आजम खान से पूछा कि क्या वह इस मामले में कुछ कहना चाहेंगे, तो उन्होंने निराशा और बेबसी भरे अंदाज में सिर्फ इतना कहा, ''अब क्या है, बोलने के लिए।'' इस बीच सपा के कई नेता भी अदालत परिसर पहुंचे।

दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद शनिवार शाम रामपुर जेल से रिहा होते ही ईडी ने आजम खान को हिरासत में ले लिया था। रविवार को उन्हें पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। यह मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय और उससे जुड़े जौहर ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं तथा मनी लॉन्ड्रिंग की जांच से संबंधित है।

ईडी विश्वविद्यालय की करोड़ों रुपये की संपत्ति पहले ही अटैच कर चुकी है। अब एजेंसी पूछताछ के लिए अदालत से आजम खान की कस्टडी रिमांड मांग रही है। फिलहाल अदालत में ईडी की रिमांड अर्जी पर सुनवाई जारी है। यदि अदालत रिमांड की मांग खारिज करती है, तो आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल में न्यायिक हिरासत में भेजा जा सकता है।

इस घटनाक्रम पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सत्ता पक्ष पर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770394 Articles

Share this story