मदरसा फंडिंग मामले में बंगाल में टीएमसी नेता के घर उप्र एटीएस का छापा
कोलकाता, 16 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हासनाबाद थाना क्षेत्र के रामेश्वरपुर में गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश पुलिस की आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) टीम ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता अब्दुल्ला गाजी के आवास पर छापेमारी की। गुरुवार को हुई यह कार्रवाई मदरसा निर्माण के नाम पर विदेश से धनराशि प्राप्त करने और उसके कथित दुरुपयोग की जांच के सिलसिले में की गई है।
आरोप है कि मदरसा निर्माण के लिए विदेशी स्रोतों से करोड़ों रुपये अब्दुल्ला गाजी के खाते में आए थे। इस धनराशि के उपयोग, वित्तीय लेनदेन और अनुदान के स्रोत को लेकर कई सवाल उठे हैं। इन्हीं पहलुओं की जांच के लिए एटीएस ने तलाशी अभियान चलाया और आरोपित नेता से पूछताछ की।
सूत्रों के मुताबिक, इसी मामले में दो वर्ष पहले भी उत्तर प्रदेश एटीएस ने अब्दुल्ला गाजी को गिरफ्तार किया था। मामला अभी भी जांच के अधीन है। हाल ही में मिले नए इनपुट के आधार पर दोबारा कार्रवाई की है।
छापेमारी के दौरान आवास के बाहर सुरक्षा बल के जवान तैनात रहे। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी भी इस अभियान में एटीएस के साथ शामिल थे।
हालांकि, इस पूरे मामले पर उत्तर प्रदेश एटीएस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

