यूपी एटीएस ने आतंकी संगठन से जुड़े होने के आरोप में मकसूद अली को तमिलनाडु से किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यूपी एटीएस ने आतंकी संगठन से जुड़े होने के आरोप में मकसूद अली को तमिलनाडु से किया गिरफ्तार


लखनऊ, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन सब कॉटीनेंट (एकीस) की विचारधारा से जुड़े एक संदिग्ध मकसूद अली को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है। इस मॉड्युल से जुड़े होने के आरोप में अब तक दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने बुधवार काे बताया कि कुछ लोग सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर ग्रुप बनाकर, देश विरोधी गतिविधियों की षडयंत्र रच रहे हैं। एटीएस ने कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ से एक अभियुक्त मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने कई बातें सुरक्षा जांच एजेंसियों को बतायी, जिसके बाद कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में अभियुक्त का एक साथी मूलरूप से सिद्धार्थनगर निवासी मकसूद अली को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में पता चला है कि मकसूद पूर्व में गिरफ्तार हुए नबील और अन्य लोगों के साथ मिलकर भारत के विरुद्ध हिंसात्मक जेहादी घटनाओं को अंजाम देने के लिए साजिश रच रहा था। इसके लिए मकसूद पाकिस्तान के हैकरों के संपर्क में रहते हैकिंग टूल बनाने का प्रयास कर रहा था।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने पायथन, जावा, कोडिंग एवं हैकिंग का ज्ञान आनलाइन संसाधनों इंस्टाग्राम, यूट्यूब, टेलीग्राम व विभिन्न व्हाटसअप ग्रुप के माध्यम से सीखा है। मकसूद ने इस मकसद को पूरा करने के लिए 'कैप्टल एम नेटवर्क' नाम का एक सेक्योर एप्लीकेशन भी बनाया था। इसी एप के जरिए नबील, मकसूद और अन्य लोग जुड़े थे। मकसूद दो व्हाटसअप एकाउंट चला रहा था, जिसमें कई ग्रुप हैं, जिनमें पाकिस्तानी हैकर समेत कई अन्य पाकिस्तान नंबर जुड़े हुए हैं। इन्हीं ग्रुप के जरिए जेहादी व कट्टरपंथी विचारधारा को प्रसारित किया जा रहा था। एक ग्रुप में प्रतिबंधित आतंकी संगठन एकीस से संबंधित साहित्य व बम बनाने के वीडियो साझा किये जा रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्त को ट्रांजिड रिमांड पर लाकर लखनऊ न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story