(अपडेट) अयोध्या से लौट रही टवेरा कार ट्रक में घुसी, 6 की मौत,4 गंभीर

WhatsApp Channel Join Now

उरई, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में आज सुबह हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग -27 पर कालपी कोतवाली क्षेत्र के 84 गुंबद नामक स्थान के पास एक तेज रफ्तार टवेरा कार ने पीछे से ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कार का कुछ हिस्सा ट्रक में घुस गया। हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

100 किमी की रफ्तार मौत का कारण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ललितपुर जिले के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी (49) अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। सुबह लगभग 6 बजे जब वे कालपी क्षेत्र में पहुंचे, तभी चालक को अचानक नींद आने से कार अनियंत्रित हो गई और सामने जा रहे ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जिससे टक्कर इतनी भीषण हुई कि टवेरा के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत नायक, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी और अंशुल तिवारी शामिल हैं। सभी महरौनी, ललितपुर के निवासी बताए जाते हैं।

कार में फंसे रहे लोग

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार में लोग फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे काटकर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया। कार में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज भोंडले और देशराज भी शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। जालौन एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया, प्राथमिक जांच में चालक को नींद आना हादसे का कारण नजर आ रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

Share this story