उज्जैन में महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए केंद्रीय राज्यमंत्री उइके,मोहन नागर

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन में महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए केंद्रीय राज्यमंत्री उइके,मोहन नागर


उज्जैन, 27 नवंबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार सुबह केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके और मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए। दोनों करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर आरती में सहभागी बने और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके और मोहन नागर शुक्रवार तड़के बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने पहुंचे। सुबह 4 बजे से 6 बजे तक दोनों मंदिर में रहे और नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की आराधना की। मोहन नागर को राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त है।

दर्शन के बाद मोहन नागर ने कहा कि भस्म आरती के दौरान दो घंटे का समय कब बीत गया, इसका अहसास ही नहीं हुआ। बाबा महाकाल के दर्शन कर मन आनंद से भर गया। उन्होंने मंदिर की पूजा-पद्धति और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां की व्यवस्था और धार्मिक वातावरण हर किसी को प्रभावित करता है। उन्होंने बाबा महाकाल से सभी के सुखी और समृद्ध रहने की प्रार्थना की।

वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि परमात्मा की कृपा से उन्हें बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने का सौभाग्य मिला। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए भगवान शिव से अपने क्षेत्र सहित देश के सभी लोगों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783935 Articles

Share this story