(अपडेट) केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने देखा बनारस बिनाले, शिक्षकों और विद्यार्थियों की कलाकृतियों को सराहा

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने देखा बनारस बिनाले, शिक्षकों और विद्यार्थियों की कलाकृतियों को सराहा


(अपडेट) केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने देखा बनारस बिनाले, शिक्षकों और विद्यार्थियों की कलाकृतियों को सराहा


—तीन पीढ़ियों के कला-संवाद का अनूठा मंच बनी प्रदर्शनी, 38 शिक्षकों और 69 विद्यार्थियों की कलाकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

वाराणसी, 29 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को बनारस बिनाले 2026 के अंतर्गत आयोजित स्टूडेंट–फैकल्टी बिनाले का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों की कलाकृतियों को देखा और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और दृश्य कला संकाय की प्रमुख प्रो. जसमिंदर कौर भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं। प्रदर्शनी के क्यूरेटर प्रो. मनीष अरोड़ा, डॉ. नितिन दत्त और डॉ. सुरेश चंद्र जांगिड ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।

प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान प्रो. जसमिंदर कौर ने केंद्रीय मंत्री को दृश्य कला संकाय की शैक्षणिक संरचना, उसके पांच विभागों तथा कला शिक्षा एवं प्रशिक्षण की विभिन्न विधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकाय में पारंपरिक कला अनुशासनों के साथ समकालीन कलात्मक प्रयोगों, नवीन तकनीकों और नए माध्यमों को भी समान महत्त्व दिया जाता है।

स्टूडेंट–फैकल्टी बिनाले की अवधारणा और क्यूरेटोरियल संरचना के बारे में जानकारी देते हुए प्रो. मनीष अरोड़ा ने बताया कि प्रदर्शनी को तीन पीढ़ियों के रचनात्मक संवाद के रूप में तैयार किया गया है। इसमें वरिष्ठ शिक्षकों का अनुभव, नई पीढ़ी के शिक्षकों की समकालीन दृष्टि और विद्यार्थियों की प्रयोगधर्मी रचनात्मकता को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया गया है। तीनों पीढ़ियों को उनकी विशिष्ट वैचारिक पहचान और अलग-अलग शीर्षकों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महज कलाकृतियों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा, ज्ञान के हस्तांतरण, रचनात्मक निरंतरता और भविष्य की कला-दृष्टि को सामने लाने का प्रयास है। इसके माध्यम से कला शिक्षा की निरंतर यात्रा और विभिन्न पीढ़ियों के बीच विचारों के आदान-प्रदान को रेखांकित किया गया है।

107 शिक्षकों और विद्यार्थियों की सहभागिता

स्टूडेंट–फैकल्टी बिनाले में 38 शिक्षकों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से भागीदारी की है, जबकि 69 विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इस तरह प्रदर्शनी में कुल 107 शिक्षक एवं विद्यार्थी सहभागी बने हैं। इसमें टेक्सटाइल डिजाइन, पेंटिंग, फोटोग्राफी, म्यूरल, प्रिंट मेकिंग, ग्राफिक डिजाइन, मूर्तिकला, सिरामिक्स, पॉटरी और मिक्स्ड मीडिया सहित कला की विविध विधाओं एवं माध्यमों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।

क्यूरेटर डॉ. नितिन दत्त ने मूर्तिकला, सिरामिक्स और पॉटरी से जुड़ी कलाकृतियों की अवधारणा, माध्यम और कलात्मक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। वहीं, डॉ. सुरेश चंद्र जांगिड ने पेंटिंग एवं टेक्सटाइल डिजाइन के अंतर्गत प्रदर्शित रचनाओं की विषयवस्तु और तकनीकी विशेषताओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।

भारतीय कला को वैश्विक पहचान दिलाएंगे ऐसे आयोजन : शेखावत

प्रदर्शनी देखने के बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शिक्षकों और विद्यार्थियों की कलाकृतियों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कला आयोजन देश की समृद्ध कला परंपरा और समकालीन रचनात्मकता को व्यापक मंच प्रदान करते हैं। वेनिस बिनाले, दिल्ली में प्रस्तावित भारत बिनाले और बनारस बिनाले जैसे आयोजन भारतीय कला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि ऐसे मंचों से विशेष रूप से युवा कलाकारों और विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचारों से जुड़ने और वैश्विक कला जगत के साथ संवाद स्थापित करने के अवसर प्राप्त होंगे। केंद्रीय मंत्री ने शिक्षकों और विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयास से तैयार इस प्रदर्शनी को कला शिक्षा और रचनात्मक सहभागिता की दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम में ज्ञानेंद्र कुमार कन्नौजिया, साहेबराम टूडू, सुनील कुमार, डॉ. मिथुन दत्त सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की ओर से तराना साहनी और स्वाति ठाकरे ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story