केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीएसएफ जवानों संग मनाई दीपावली : गीत गाकर जवानों में भरा उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीएसएफ जवानों संग मनाई दीपावली : गीत गाकर जवानों में भरा उत्साह


केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीएसएफ जवानों संग मनाई दीपावली : गीत गाकर जवानों में भरा उत्साह


बीकानेर, 07 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने हर साल की भांति इस बार भी शनिवार शाम जिला मुख्यालय स्थित बीएसएफ हेडक्वार्टर में सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

इस अवसर पर उन्होंने जवानों के साथ फूलझड़ियां जलाकर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं। वहीं, ‘जोत से जोत जलाते चलो, प्रेम की गंगा बहाते चलो’ गीत गाकर जवानों में उत्साह और उमंग का संचार किया।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि बीएसएफ के जवान देश की सीमाओं की मुस्तैदी से सुरक्षा कर रहे हैं, तभी देशवासी शांति और सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना पा रहे हैं। उन्होंने जवानों के समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री एवं बीएसएफ अधिकारियों व जवानों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ हुई। इससे पूर्व बीएसएफ अधिकारियों ने बुके भेंट कर केंद्रीय मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। दीपावली के उल्लासपूर्ण माहौल में बीएसएफ के जवानों ने भी केंद्रीय मंत्री के साथ उत्साहपूर्वक पर्व मनाया। मेघवाल ने जवानों को लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा करवाया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कार्यवाहक डीआईजी नवीन मोहन शर्मा, कमांडेंट विक्रम कुंवर, द्वितीय कमान अधिकारी प्रकाश सुरीन सहित बीएसएफ के अधिकारी, जवान एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। इनके अलावा डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, गुमान सिंह राजपुरोहित, एवं एडवोकेट अशोक प्रजापत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन डिप्टी कमांडेंट सातार खान ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774082 Articles

Share this story