99 बार जो लॉन्चिंग के क्वालिटी चेक में फेल हुए, वो भाजपा की एक्सपायरी डेट बता रहे : शिवराज सिंह

WhatsApp Channel Join Now
99 बार जो लॉन्चिंग के क्वालिटी चेक में फेल हुए, वो भाजपा की एक्सपायरी डेट बता रहे : शिवराज सिंह


- केन्द्रीय मंत्री चौहान ने राहुल गांधी के बयान पर दी तीखी प्रतिक्रिया

भोपाल, 19 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाजपा की राजनीतिक विदाई नजदीक होने संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल की राजनीतिक लॉन्चिंग पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 99 बार जो अपनी लॉन्चिंग के क्वालिटी चेक में ही फेल हो गए, वो भाजपा की एक्सपायरी डेट बता रहे हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मीडिया से बातचीत में राहुल पर निशाना साधा और बयान का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भी साझा किया। उन्होंने भाजपा को महज एक राजनीतिक दल मानने के बजाय राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का महायज्ञ बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी गरीब कल्याण के संकल्प के साथ माताओं-बहनों, युवाओं और किसानों को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के प्रति जनता का विश्वास अटूट है और वे जनता के दिलों में बसते हैं।

गोवा में राहुल ने भाजपा की ‘एक्सपायरी डेट’ पर की थी टिप्पणी

दरअसल, राहुल गांधी ने 18 अक्टूबर को गोवा के मडगांव में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि वोट चोरी की योजना प्रधानमंत्री बनाते हैं, अमित शाह उसे लागू कराते हैं और ज्ञानेश कुमार उसे अंजाम देते हैं।

इस राजनीतिक हमले के दौरान राहुल ने भाजपा की ‘एक्सपायरी डेट’ नजदीक आने की बात कही थी। उनके बयान के जवाब में शिवराज सिंह चौहान ने राहुल की राजनीतिक स्थिति पर कटाक्ष किया और भाजपा के संगठन तथा नेतृत्व के प्रति जनता के समर्थन का उल्लेख किया।

केन्द्रीय मंत्री चौहान ने राहुल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें यह सुनकर हंसी आती है। उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी कई लोगों ने भाजपा को समाप्त करने के बारे में सोचा था और देश को जेलखाना बना दिया गया था, लेकिन जनता ने चुनावों में ऐसे प्रयासों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा आगे भी देश की सेवा करती रहेगी।

मीडिया से बातचीत से पहले शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ‘रिजीम चेंज गैंग’ पर निशाना साधा। उन्होंने यह भी लिखा कि आज का भारत न झूठे नैरेटिव से बहकता है, न षड्यंत्रों से डरता है और न ही देश को कमजोर करने वाली सोच के सामने झुकता है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास केवल प्रचार या किसी नैरेटिव से नहीं बनता, बल्कि काम, संकल्प और नेतृत्व की ईमानदारी से कायम होता है।

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के बढ़े मान-सम्मान का जिक्र करते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की बात कही। उन्होंने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई तथा देश की प्रगति का भी उल्लेख किया। चौहान ने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिक बेहतर भविष्य, राष्ट्रीय सम्मान और स्वाभिमान चाहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763649 Articles

Share this story