केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव जारी करेंगे भारत वन स्थिति रिपोर्ट 2023

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव जारी करेंगे भारत वन स्थिति रिपोर्ट 2023


केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव जारी करेंगे भारत वन स्थिति रिपोर्ट 2023


- 21 दिसंबर को वन अनुसंधान संस्थान देहरादून में होगा कार्यक्रम

देहरादून, 20 दिसंबर (हि.स.)। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव कल यानी 21 दिसंबर को वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) देहरादून में भारत वन स्थिति रिपोर्ट (आईएसएफआर) 2023 जारी करेंगे। इस अवसर पर पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह और मंत्रालय की सचिव लीना नंदन भी उपस्थित रहेंगी।

कार्यक्रम में भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अलावा भारतीय वन सर्वेक्षण (एफएसआई), वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई), भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (आईजीएनएफए), केंद्रीय जलवायु नीति और वन सर्वेक्षण (सीएएसएफओएस), बॉटनिकल सर्वे ऑफ इंडिया (बीएसआई) और जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (जेडएसआई) जैसे संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे। साथ ही आईजीएनएफए के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) और सीएएसएफओएस के राज्य वन सेवा (एसएफएस) के परिवीक्षार्थी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।

भारत वन स्थिति रिपोर्ट (आईएसएफआर) 2023 भारत के वन और वृक्ष संसाधनों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रस्तुत करती है। यह रिपोर्ट भारतीय वन सर्वेक्षण (एफएसआई) द्वारा द्विवार्षिक आधार पर प्रकाशित की जाती है, जो 1987 से जारी हो रही है। रिपोर्ट एफएसआई की प्रमुख गतिविधियों जैसे वन आवरण मानचित्रण (एफसीएम) और राष्ट्रीय वन सूची (एनएफआई) पर आधारित होती है।

आईएसएफआर 2023 इस रिपोर्ट की 18वीं शृंखला होगी और इसमें देश के वन संसाधनों की स्थिति पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इस रिपोर्ट में देशभर में वन क्षेत्र, वृक्ष आवरण, वन संसाधनों के संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों पर डेटा प्रदान किया जाएगा। यह रिपोर्ट पर्यावरणीय और वन प्रबंधन संबंधी निर्णयों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में कार्य करती है, जिसका प्रभाव वन नीति और योजनाओं में देखा जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / कमलेश्वर शरण

Share this story