राष्ट्रपति के साथ तीन देशों की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुईं केंद्रीय राज्य मंत्री निमुबेन बंभाणिया

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति के साथ तीन देशों की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुईं केंद्रीय राज्य मंत्री निमुबेन बंभाणिया


भावनगर, 20 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के भावनगर-बोटाद से सांसद और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की केंद्रीय राज्य मंत्री निमुबेन बंभाणिया भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ विदेश दौरे के भारतीय प्रतिनिधिमंडल की सदस्य के रूप में शामिल हैं। उनके साथ राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा और लोकसभा सांसद विजय बघेल भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो गई हैं। इस महत्वपूर्ण विदेश दौरे के पहले चरण में राष्ट्रपति मुर्मु, मोल्दोवा जाएंगी। यह किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली ऐतिहासिक यात्रा होगी। इस दौरान वह मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया सैंडू के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इसके अलावा संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसु, संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों और भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति एक बिजनेस फोरम को भी संबोधित करेंगी। दूसरे चरण में 21 से 22 जुलाई के बीच राष्ट्रपति उत्तर मैसेडोनिया का दौरा करेंगी। यह भी किसी भारतीय राष्ट्रपति की इस देश की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

इसके बाद 23 से 25 जुलाई तक राष्ट्रपति रोमानिया की यात्रा पर रहेंगी, जहां वे वहां के राष्ट्रपति, कार्यवाहक प्रधानमंत्री और सीनेट के अध्यक्ष के साथ द्विपक्षीय संबंधों तथा विभिन्न वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगी।

इस पूरे विदेश दौरे में केंद्रीय राज्य मंत्री निमुबेन बंभाणिया की भागीदारी को भावनगर-बोटाद क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। राष्ट्रपति मुर्मु की यह तीन देशों की यात्रा भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों को नई मजबूती देगी तथा व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, नवाचार और लोगों के बीच आपसी सहयोग को नई दिशा और गति प्रदान करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/दिशांत

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story