अमित शाह कल हरिद्वार में उत्तराखंड के विकास पर केंद्रित प्रदर्शनी का करेंगे अवलोकन

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह कल हरिद्वार में उत्तराखंड के विकास पर केंद्रित प्रदर्शनी का करेंगे अवलोकन


देहरादून, 06 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह कल हरिद्वार के बैरागी कैंप में उत्तराखंड के विकास पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। सात मार्च से शुरू होने वाली 'न्याय संहिता' विषयक इस राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का समापन नौ मार्च को होगा।

यह विशेष प्रदर्शनी मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में बीते चार वर्ष के दौरान उत्तराखंड में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के अलावा लिए गए अन्य महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णयों पर केंद्रित होगी। प्रदर्शनी में राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास, सड़क एवं संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा क्षेत्र में सुधार, निवेश प्रोत्साहन, पर्यटन विकास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए किए गए महत्वपूर्ण कार्य को देखा और समझा जा सकेगा।

प्रदर्शनी में राज्य में सुशासन, पारदर्शिता तथा नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में किए गए प्रयासों को भी रेखांकित किया जाएगा। प्रदर्शनी में लगभग सभी विभागों की झलक देखने को मिलेगी। यह प्रदर्शनी केंद्र सरकार के नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनजागरुकता के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

प्रदर्शनी में नई न्याय संहिता की प्रमुख विशेषताओं को सरल और प्रभावी माध्यमों से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें समयबद्ध जांच एवं आरोप-पत्र की अनिवार्यता, शून्य प्राथमिकी तथा इलेक्ट्रॉनिक प्राथमिकी की व्यवस्था, सात वर्ष से अधिक दंडनीय अपराधों में अनिवार्य विधि-विज्ञान जांच, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्यों की वैधता, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों के लिए सशक्त प्रावधान, संगठित अपराध, साइबर अपराध एवं आतंकवाद से संबंधित स्पष्ट दंड प्रावधान, पीड़ित प्रतिकर योजना तथा संपत्ति की शीघ्र वापसी की व्यवस्था को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। नाट्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story