उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, अगले चार दिन खास सतर्कता की जरूरत

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, अगले चार दिन खास सतर्कता की जरूरत


उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, अगले चार दिन खास सतर्कता की जरूरत


देहरादून, 19 जुलाई (हि.स.)। राज्य के नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी वर्षा और उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कई जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 21 और 22 जुलाई को भी विभिन्न जनपदों में ऑरेंज और येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

मौसम चेतावनी के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, जिला आपदा परिचालन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती तथा भूस्खलन संभावित मार्गों पर आवश्यक मशीनरी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा से पहले मौसम और सड़कों की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। उन्होंने आपात स्थिति में 112, 1070 और 1077 पर संपर्क करने को कहा है।

इस बीच, देहरादून सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में दिनभर हल्की से मध्यम वर्षा के कई दौर और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान हल्द्वानी में 108 मिमी, थल में 103.5 मिमी, धारचूला में 92.4 मिमी, देहरादून (हाथीबड़कला) में 93 मिमी तथा मालदेवता में 80.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story