उत्तराखंड में 12-13 मई को मौसम हो सकता है खराब, चारधाम यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में 12-13 मई को मौसम हो सकता है खराब, चारधाम यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील


देहरादून, 11 मई (हि. स.)। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 12 और 13 मई को उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की चेतावनी आज जारी की है। इसके बाद प्रशासन ने चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। 4500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन की संभावना बनी हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि 12 मई और 13 मई को मौसम में बदलाव होने से भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क अवरोध और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति की आशंका है। इसलिए चारधाम यात्रा मार्गों पर भी विशेष सतर्कता बरती जाए। तीर्थयात्री और स्थानीय लोग इस दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें। पेड़ों के नीचे शरण न लें। संवेदनशील ढलानों और नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतें। केंद्र के अनुसार अगले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद फिर तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है। आयुक्त ने कहा कि मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा करना अधिक सुविधाजनक रहेगा। उन्होंने सभी से प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के दिशा-निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story