केदारताल में लापता आठ लोगों की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से दो बार हवाई रेकी

WhatsApp Channel Join Now
केदारताल में लापता आठ लोगों की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से दो बार हवाई रेकी


देहरादून, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी जिले के केदारताल क्षेत्र में लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है। रविवार को हेलीकॉप्टर से क्षेत्र की दो बार हवाई रेकी की गई, लेकिन लापता लोगों या उनके टेंट का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका। अत्यधिक बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के कारण तलाशी अभियान में बाधाएं आ रही हैं।

एसडीआरएफ के अनुसार, इससे पहले गंगोत्री टीम ने केदारताल क्षेत्र में पहुंचकर रेकी की थी। हालांकि, क्षेत्र में अत्यधिक बर्फबारी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पैदल तलाशी अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। इसके बाद हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण करने का निर्णय लिया गया।

एसडीआरएफ के दो जवान हेड कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल दीपक पंत हेलीकॉप्टर से हर्षिल पहुंचे। वहां से केदारताल क्षेत्र की दो बार हवाई रेकी की गई। हालांकि, इस दौरान लापता ट्रैकर्स और गाइड अथवा उनके टेंट के कोई स्पष्ट दृश्य संकेत नहीं मिले।

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर वाहिनी मुख्यालय से एक अतिरिक्त टीम आवश्यक बचाव एवं पर्वतारोहण उपकरणों के साथ रवाना की गई है। परिस्थितियां अनुकूल होने पर यह टीम सर्च अभियान को आगे बढ़ाएगी। एसडीआरएफ संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर आगे की कार्ययोजना तैयार कर रही है।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story