टीएचडीसी पीपलकोटी टनल हादसा: 22 में से 16 मजदूर सुरक्षित निकाले गए, मुख्यमंत्री धामी ने संभाली रेस्क्यू की कमान

WhatsApp Channel Join Now
टीएचडीसी पीपलकोटी टनल हादसा: 22 में से 16 मजदूर सुरक्षित निकाले गए, मुख्यमंत्री धामी ने संभाली रेस्क्यू की कमान


टीएचडीसी पीपलकोटी टनल हादसा: 22 में से 16 मजदूर सुरक्षित निकाले गए, मुख्यमंत्री धामी ने संभाली रेस्क्यू की कमान


टीएचडीसी पीपलकोटी टनल हादसा: 22 में से 16 मजदूर सुरक्षित निकाले गए, मुख्यमंत्री धामी ने संभाली रेस्क्यू की कमान


- मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से की बातचीत, बढ़ाया मनोबल, उपचार और पुनर्वास का दिया भरोसा

देहरादून, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में गुरुवार शाम मलबा और पानी भर जाने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देर रात राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाली। अधिकारियों के अनुसार, सुरंग में फंसे 22 लोगों में से 16 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाने और सुरंग में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के निर्देश दिए।

अधिकारियों के अनुसार,घटना चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में हुई,जहां मलबा और पानी भरने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री देहरादून स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शुरू की।

मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने मजदूरों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उनके उपचार तथा पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने चमोली जिला प्रशासन, एसडीआरएफ,एनडीआरएफ,आईटीबीपी, सेना और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा है और अभियान की प्रगति की पल-पल की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरंग में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है और बचाव अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार से फोन पर बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने डिप्टी सीएमओ को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

धामी ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए एम्स या अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजने की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और जब तक सुरंग में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल लिया जाता, तब तक राहत एवं बचाव अभियान पूरी ताकत और समन्वय के साथ जारी रहेगा।

घटनास्थल पर जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान में जुटी हैं। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन, मशीनरी और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

राज्य आपदा परिचालन केंद्र में हुई बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव विनोद कुमार सुमन सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

राहत एवं बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी-

टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित जानकारी के लिए उत्तराखंड राज्य आपदा परिचालन केंद्र, देहरादून की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। सुरंग हादसे से संबंधित जानकारी, सहायता और रेस्क्यू अभियान से जुड़ी जानकारी के लिए लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:1070

0135-2710334

82188 67005

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story