तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मार्ग तैयार, वाहनों की आवाजाही शुरू
चमोली, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले की नीती घाटी में तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बह जाने के बाद बाधित ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर रिकॉर्ड समय में वाहनों की आवाजाही मंगलवार शाम बहाल कर दी गई है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार किया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मार्ग बहाली का कार्य युद्धस्तर पर किया गया। मुख्यमंत्री लगातार मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप और चमोली के जिलाधिकारी से राहत-बचाव कार्य तथा मार्ग बहाली की प्रगति की जानकारी लेते रहे।
मुख्यमंत्री ने रिकॉर्ड समय में यातायात बहाल किए जाने पर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों को बधाई दी। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
नीती घाटी में भारी बारिश के कारण तमक नाले में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से वैली ब्रिज बह गया था। इससे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। घटना के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और अस्थायी मार्ग तैयार करने का कार्य शुरू किया।
ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार किए जाने के बाद अब इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। हालांकि, क्षेत्र में मौसम और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस बीच, वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता एक व्यक्ति की तलाश में मंगलवार को दूसरे दिन भी सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी रहा। जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।
रेस्क्यू टीमें नदी तट और आसपास के संभावित स्थानों पर लापता व्यक्ति की तलाश कर रही हैं। प्रभावित क्षेत्र में संभावित स्थानों की गहनता से जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अस्थायी मार्ग से आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा मौके पर तैनात प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

