संघ प्रमुख मोहन भागवत पहुंचे उत्तराखंड, रुड़की में चलेगा संगठनात्मक मंथन

WhatsApp Channel Join Now
संघ प्रमुख मोहन भागवत पहुंचे उत्तराखंड, रुड़की में चलेगा संगठनात्मक मंथन


- शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे मोहन भागवत

-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पांच संभागों की कार्यकारिणी की बैठक में करीब 25 विभागों के प्रतिनिधि होंगे शामिल, पंच परिवर्तन और सामाजिक विषयों पर भी होगी चर्चा

हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार शाम हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचे। अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के दौरान वह शनिवार को शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा रुड़की में संघ की नई संभागीय संगठनात्मक रचना के तहत आयोजित कार्यकारिणी की बैठकों में भाग लेकर प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, डॉ. भागवत शुक्रवार रात्रि विश्राम शांतिकुंज में करेंगे। शनिवार को वह गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद रुड़की में संघ की संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला चलेगा।

संघ की नई संभागीय संगठनात्मक रचना के तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पांचों संभागों की कार्यकारिणी की बैठक 22 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें सभी विभागों की टोलियां भी शामिल होंगी। करीब 25 विभागों के प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक विषयों के साथ संघ के शताब्दी वर्ष के तहत पूरे साल संचालित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श होगा।

संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने बताया कि प्रवास के दौरान संघ के पंच परिवर्तन के विषयों पर विशेष चर्चा होगी। इनमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध (स्वदेशी) और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं। इसके अलावा नशामुक्ति सहित सामाजिक बुराइयों के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों को व्यापक बनाने पर भी मंथन होगा।

उन्होंने बताया कि बैठकों में इस बात पर भी संवाद किया जाएगा कि संघ के कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के साथ मिलकर इन अभियानों को किस तरह प्रभावी बना सकते हैं और उनमें व्यापक सामाजिक सहभागिता कैसे सुनिश्चित की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780636 Articles

Share this story