चारधाम यात्रा पर निकले सूरत के परिवार की कार गंगा में गिरी, चार की मौत, दो लापता

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा पर निकले सूरत के परिवार की कार गंगा में गिरी, चार की मौत, दो लापता


सूरत, 05 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के सूरत से चारधाम यात्रा पर निकले एक परिवार के लिए उत्तराखंड के उत्तरकाशी में हुई सड़क दुर्घटना बेहद दर्दनाक साबित हुई। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास गुरुवार सुबह एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए गंगा नदी में जा समाई। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग लापता हैं। एक युवक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

प्रांभिक जानकारी के अनुसार, कार में चालक समेत सात लोग सवार थे। सभी गुजरात के रहने वाले थे और 31 अक्टूबर को सूरत से चारधाम यात्रा के लिए निकले थे। दुर्घटना गंगनानी में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुई। उस समय कार गंगोत्री नेशनल हाईवे से गुजर रही थी।

मृतकों में सूरत निवासी अशोकभाई पटेल, उनकी पत्नी सुधाबेन पटेल, बेटी रुतिका पटेल और कार चालक सुरेंद्र सिंह शामिल बताए गए हैं। अशोकभाई के पुत्र वेदांत पटेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, किरणबेन पटेल सहित दो लोगों के नदी के तेज बहाव में लापता होने की जानकारी है। मृतकों की आधिकारिक पुुुष्टि हो गई है।

सूरत की शिवालिक रेजिडेंसी में रहने वाले अशोकभाई पटेल के घर हादसे की खबर पहुंचने पर पड़ोसियों ने बताया कि परिवार के लोग गंगोत्री में दर्शन कर चुके थे। एक पड़ोसी के अनुसार, जब परिवार गंगोत्री में था, तब उन्होंने दर्शन भी किए थे। पड़ोसी ने यह भी बताया कि हादसे के बाद जब वे अशोकभाई के निवास पर पहुंचे तो घर बंद मिला। परिवार के लोगों के उत्तरकाशी में हादसे का शिकार होने की खबर से आसपास के लोग स्तब्ध हैं।

उत्तरकाशी जिला आपदा प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक गंगोत्री नेशनल हाईवे के पास सात लोगों से भरी इनोवा कार खाई में गिर गई थी। हादसे में चालक समेत चार लोगों की मौत हुई है, दो लोग लापता हैं और एक घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और गोताखोरों की टीमें मौके पर पहुंचीं। नदी से चार शव बरामद किए गए हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है। बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए मनेरा से एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम भी रवाना की गई है।

प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर से सूरत में परिवार और परिचितों के बीच शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story