नैनीताल जिले में खाई में गिरी कार, लखनऊ के एक परिवार के चार सदस्याें सहित पांच की माैत

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल जिले में खाई में गिरी कार, लखनऊ के एक परिवार के चार सदस्याें सहित पांच की माैत


नैनीताल, 21 मई (हि.स.)। भवाली क्षेत्र के सेनेटोरियम-रातीघाट बाइपास मार्ग पर गुरुवार अपराह्न एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में कारसवार पांच लाेगाें की माैत हो गई। इनमें एक ही परिवार के चार सदस्य और कार चालक है। ये सभी कैंचीधाम जा रहे थे।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया और स्थानीय प्रशासन काे यथासंभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।

नैनीताल पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी भूपेंद्र सिंह चुफाल अपनी पत्नी और बच्चाें के साथ कैंचीधाम जा रहे थे। सेनेटोरियम-रातीघाट बाइपास रोड पर ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पूर्व उनकी कर अनियंत्रित हाेकर खाई में गिर गई। दुर्घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। राहत अभियान के दौरान एसडीआरएफ एवं पुलिस टीम ने सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त कार में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा का शव मिला।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48 वर्ष), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45 वर्ष), पुत्र वासु चुफाल (19 वर्ष), पुत्री रवी चुफाल (12 वर्ष) व वाहन चालक अनुज कुमार मिश्रा (34 वर्ष) के रूप में हुई है। अनुज कुमार मिश्रा पुत्र दया सागर मिश्रा, अफसर नगर एलपीजी गोदाम, आलम नगर लखनऊ के निवासी थे। जिस मार्ग पर दुर्घटना हुई है, वह कैंची धाम के लिए बाइपास के रूप में प्रस्तावित है और अभी इसका निर्माण ही चल रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस वाहन दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। मौके पर पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story