'लोक संवर्धन पर्व' में देशभर की पारंपरिक कला, शिल्प और व्यंजनों की दिखेगी झलक
केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू 11 जुलाई को पांच दिवसीय 'लोक संवर्धन पर्व' का करेंगे उद्घाटन
देहरादून, 10 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में पांच दिवसीय 'लोक संवर्धन पर्व' के छठे संस्करण का उद्घाटन करेंगे। 11 से 15 जुलाई तक आयोजित होने वाला यह महोत्सव आम लोगों के लिए निःशुल्क खुला रहेगा। इसमें देशभर की पारंपरिक कला, शिल्प और व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में लगभग 150 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें करीब 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड की पारंपरिक कला एवं शिल्प को समर्पित होंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
उत्तराखंड प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के अंतर्गत लोक संवर्धन पर्व के आयोजन के लिए अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ साझेदारी करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। मंत्रालय के अनुसार इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक कला, शिल्प, हथकरघा और पाक विरासत का संरक्षण करते हुए कारीगरों एवं उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराना है।
महोत्सव में देशभर की पारंपरिक कला एवं शिल्प पर आधारित लगभग 150 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें करीब 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड की पारंपरिक कला एवं शिल्प को समर्पित होंगे। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के हस्तशिल्प, अजरख ब्लॉक प्रिंटिंग, लाख की चूड़ियां, लकड़ी एवं पीतल शिल्प, टेराकोटा, बेंत एवं बांस उत्पाद तथा विभिन्न राज्यों के हथकरघा उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। आगंतुकों के लिए 20 फूड स्टॉलों पर गढ़वाली, कुमाऊंनी, राजस्थानी, महाराष्ट्रीयन और लखनवी सहित विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार महोत्सव के दौरान मास्टर कारीगरों द्वारा लाइव शिल्प प्रदर्शन, खरीदार-विक्रेता संवाद, उद्यमिता एवं डिजिटल मार्केटिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। सांस्कृतिक संध्याओं में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के साथ देश के प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। उद्घाटन दिवस पर ग़ज़ल गायक तलत अज़ीज़ प्रस्तुति देंगे, जबकि आगामी दिनों में ज्योति नूरां, किशन महिपाल, विवेक नौटियाल, माया उपाध्याय, लोक बैंड 'पांडवाज़' और परमिश वर्मा भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने नागरिकों, पर्यटकों, विद्यार्थियों, खरीदारों और शिल्प प्रेमियों से 11 से 15 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक परेड ग्राउंड में आयोजित लोक संवर्धन पर्व में पहुंचकर भारत की समृद्ध कला, संस्कृति और पाक विरासत का अनुभव करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

