(अपडेट)निशंक बोले- मैं मुख्यधारा में हूं और हमेशा रहूंगा
-संगठन में किनारे किए जाने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा-पार्टी मेरे अनुभव का लाभ ले रही है
देहरादून, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने संगठन में कथित रूप से किनारे किए जाने की चर्चाओं को खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि वह हमेशा पार्टी की मुख्यधारा में रहे हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी उनके राजनीतिक अनुभव का लाभ ले रही है और जहां भी जरूरत होती है, वहां उनकी सेवाएं ली जाती हैं।
रिस्पना क्षेत्र स्थित एक होटल में आज पत्रकारों से बातचीत के दौरान संगठन में अपनी भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ.निशंक ने कहा, ‘मुझे मालूम है कि साइडलाइन क्या होता है। मैं तो मेन लाइन में रहता हूं और हमेशा रहता हूं। आज भी हूं और जब तक मुझे रहना होगा, तब तक मेन लाइन में ही रहूंगा।’
उन्होंने कहा कि पार्टी में उनकी भूमिका को लेकर किसी तरह की चिंता नहीं है। पार्टी उनके अनुभव का उपयोग कर रही है और आवश्यकता के अनुसार उन्हें जिम्मेदारियां दी जाती हैं। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने विधायक, सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर काम किया है।
निशंक ने कहा कि राजनीतिक जीवन में अलग-अलग जिम्मेदारियां मिलती रहती हैं और व्यक्ति का अनुभव संगठन के काम आता है। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी के लिए उनका योगदान जारी है और संगठन को जहां उनकी जरूरत होगी, वह वहां अपनी भूमिका निभाएंगे।
विपक्ष की यात्राओं पर बोले-उसका अपना धर्म है
उत्तराखंड में विपक्ष की ओर से सरकार के खिलाफ यात्राएं निकालने और विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने के सवाल पर निशंक ने कहा कि विपक्ष का अपना धर्म होता है। वह सवाल उठाता है और अपनी राजनीतिक गतिविधियां संचालित करता है। विपक्ष की भूमिका लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है।
प्रदेश में सरकार के खिलाफ विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक दल अपने तरीके से अपनी बात रखता है। हालांकि राज्य की मंत्री रेखा आर्य और उनके पति के बीच चल रहे विवाद से जुड़े सवाल पर निशंक ने टिप्पणी करने से परहेज किया।
निशंक का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हो रही हैं। ऐसे में संगठन में उनकी भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब को उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव और पार्टी के साथ निरंतर सक्रियता के संदर्भ में रखा।
उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय निशंक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहने के साथ केंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। इसके अलावा वह भाजपा संगठन में भी विभिन्न पदों पर रहे हैं। अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें अलग-अलग स्तरों पर काम करने का अवसर दिया है और उनके अनुभव का इस्तेमाल किया जा रहा है।
_________________
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

