अखिलेश के बयान पर धामी का पलटवार, बोले- उत्तराखंड का अपमान बर्दाश्त नहीं

WhatsApp Channel Join Now
अखिलेश के बयान पर धामी का पलटवार, बोले- उत्तराखंड का अपमान बर्दाश्त नहीं


देहरादून, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों को लेकर दिए गए एक बयान पर सियासी घमासान मच गया है। अखिलेश के इस बयान की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी आलोचना करते हुए इसे देवभूमि के स्वाभिमान और यहां के लोगों का अपमान बताया।

अखिलेश ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा था कि ‘सबसे बड़े घुसपैठिया यूपी में कौन हैं, उत्तराखंड के, तो घुसपैठिया डिफाइन करना पड़ेगा। धामी ने इस बयान पर पलटवार करते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। इस पवित्र धरती ने देश को अनेक संत, सैनिक और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व दिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना प्रदेश के गौरव और उनके संघर्षों का अपमान है। मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में हुई गोलीबारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब अलग उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर रामपुर तिराहा में गोलियां चलाई गई थीं। राज्य आंदोलन के दौरान आंदोलनकारियों पर गोली चलाए जाने की घटना को उत्तराखंड के लोग आज भी नहीं भूले हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस राज्य के लोगों ने अलग राज्य के लिए संघर्ष और बलिदान किया, उन्हें अब घुसपैठिया कहा जा रहा है। धामी ने कांग्रेस से पूछा कि क्या वह अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के इस बयान का समर्थन करती है और क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना उसे स्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर प्रदेश की जनता के सामने अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765944 Articles

Share this story