उत्तराखंड की 315 सड़कों के प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने का धामी ने किया अनुरोध

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड की 315 सड़कों के प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने का धामी ने किया अनुरोध


-पीएमजीएसवाई के तहत 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने का लक्ष्य

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत राज्य की 315 सड़कों के प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार जरूरी है। प्रस्तावित सड़कों के निर्माण से ग्रामीण आबादी को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार संबंधी सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से इन प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य की ओर से प्रस्तुत सड़क प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत सड़कों का निर्माण प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story