पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा-पानी भरने से 18-19 लोग फंसे, 13 सुरक्षित निकाले गए

WhatsApp Channel Join Now
पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा-पानी भरने से 18-19 लोग फंसे, 13 सुरक्षित निकाले गए


-मुख्यमंत्री ने दिए युद्धस्तर पर बचाव के निर्देश

देहरादून/चमोली, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले में पीपलकोटी के मायापुर क्षेत्र स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम मलबा और पानी भरने की सूचना से प्रशासन और आपदा राहत-बचाव एजेंसियां सक्रिय हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टनल में काम कर रहे करीब 18 से 19 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। राहत की बात यह है कि अब तक 13 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि शेष लोगों की तलाश और सुरक्षित निकासी के लिए अभियान लगातार जारी है।

घटना का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और घटनास्थल की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभागों और सभी बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाए और आवश्यकता के अनुसार सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जाए। प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार शाम करीब 7:05 बजे हुई। टनल में मलबा और पानी भरने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू कराया। निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी द्वारा किया जा रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य के लिए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। वहीं डीआईआरएफ, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ के जवान मौके पर रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं।

बचाव दल टनल के भीतर की परिस्थितियों का आकलन करते हुए मलबा और पानी हटाने तथा अंदर मौजूद लोगों तक सुरक्षित पहुंच बनाने में जुटे हैं। जिला प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक मशीनरी एवं अन्य संसाधन मौके पर जुटाए जा रहे हैं।

प्रारंभिक सूचना में 18 से 19 लोगों के टनल में फंसे होने की बात सामने आई थी। बचाव दलों के प्रयास से अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। शेष लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए अभियान जारी है।

प्रशासन की ओर से टनल के भीतर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। बचाव दल परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बनाकर आगे बढ़ रहे हैं। टनल में पानी और मलबा होने के कारण बचाव अभियान में सावधानी बरती जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से टनल में मौजूद सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधन और बचाव दल भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

फिलहाल राहत की सबसे बड़ी खबर 13 लोगों के सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने की है। वहीं प्रशासन, पुलिस और विभिन्न आपदा राहत एजेंसियों का पूरा ध्यान टनल में शेष लोगों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने पर केंद्रित है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story