बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच केदारनाथ धाम पहुंच रहे श्रद्धालु, अब तक 18.60 लाख ने किए दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच केदारनाथ धाम पहुंच रहे श्रद्धालु, अब तक 18.60 लाख ने किए दर्शन


रुद्रप्रयाग, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। ठंड और प्रतिकूल मौसम के बीच भी श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस यात्रा सीजन में अब तक 18,60,360 श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं।

जिला सूचना अधिकारी कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से धाम में लगातार बर्फबारी हो रही है। इससे केदारनाथ की चोटियां और आसपास का क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। बर्फ से ढके धाम का प्राकृतिक सौंदर्य श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने, खान-पान, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। संबंधित विभागों को यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769436 Articles

Share this story