भारत माता मंदिर में होगा राष्ट्र, धर्म और संत परम्परा का महासंगम : आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि
स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की होगी मूर्ति स्थापना
हरिद्वार, 02 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्र, धर्म और संत परम्परा का महासंगम 04 से 06 फरवरी को भारत माता मंदिर, हरिद्वार में देखने को मिलेगा। इस समारोह में भारत की आध्यात्मिक चेतना, संत परम्परा और राष्ट्र का भाव एक मंच पर साकार होते दिखेगा। यह आयोजन ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज के समाधि मंदिर में मूर्ति स्थापना के अवसर पर संपन्न होगा। इस समारोह का उद्घाटन 04 फरवरी को भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया करेंगे।
यह जानकारी सोमवार को जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि समारोह के दूसरे दिन 05 फरवरी को धर्मसभा एवं विशाल संत सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें देशभर के संत, धर्माचार्य और शीर्ष नेतृत्व एक साथ मंच साझा करेंगे। संत सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप मे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान,बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ.कृष्ण गोपाल तथा विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार शिरकत करेंगे।
समारोह के अंतिम दिन 06 फरवरी को आयोजित होने वाले समापन समारोह मे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्षा श्रीमती ऋतु खंडूरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर समन्वय पुरस्कार–2026 स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के डॉ.अनुज सिंघल व डॉ.तारा सिंघल को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान महामण्डलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि महाराज, महामण्डलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि महाराज,आई.डी. शर्मा व कार्यक्रम समन्वयक पीयूष शर्मा मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

