केदारनाथ में वीआईपी दर्शन पर तीर्थ पुरोहितों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
केदारनाथ में वीआईपी दर्शन पर तीर्थ पुरोहितों में आक्रोश


रुद्रप्रयाग, 01 मई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में वीआईपी दर्शन को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। शुक्रवार को देश के उद्योगपति गौतम अडाणी अपने परिवार के साथ धाम पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी खुलकर सामने आ गई।

वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर पहले से ही असंतोष जता रहे तीर्थ पुरोहितों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

तीर्थ पुरोहित अंकुर शुक्ला ने आरोप लगाया कि वीआईपी दर्शन की व्यवस्था के कारण आम श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष लोगों को प्राथमिकता दिए जाने से व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं और लंबी कतारों में लगे श्रद्धालुओं में असंतोष बढ़ रहा है।

पुरोहितों का कहना है कि वर्तमान प्रबंधन में व्यवस्थाओं में गिरावट आई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही वीआईपी दर्शन व्यवस्था पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस विवाद ने केदारनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के बीच वीआईपी और सामान्य दर्शन के संतुलन को बनाए रखना प्रशासन और मंदिर समिति के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story