केदारताल ट्रेक पर रेस्क्यू अभियान में तीन और शव बरामद, हेलीकॉप्टर से मातली पहुंचाए गए शव
-13 सदस्यीय दल के लापता होने के बाद शुरू हुआ था सर्च ऑपरेशन-खराब मौसम और भारी बर्फबारी से बचाव कार्य में आ रही बाधा
उत्तरकाशी, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स और उनके सहयोगी कर्मचारियों की तलाश में बुधवार को भी सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी रहा। अभियान के दौरान तीन और शव बरामद किए गए हैं। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तीनों शवों को हेलीकॉप्टर की मदद से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया। वहीं, अभियान के तहत शेष लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ समेत कुल 13 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। दल को निर्धारित समय पर वापस लौटना था, लेकिन क्षेत्र में अचानक मौसम खराब होने, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण ट्रेक मार्ग अवरुद्ध हो गया। इस वजह से दल के सदस्य समय पर वापस नहीं लौट सके। काफी समय तक दल से संपर्क नहीं होने और उसके वापस नहीं पहुंचने पर प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इस अभियान में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), वन विभाग और संबंधित ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें भी सहयोग कर रही हैं। सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।
केदारताल ट्रेक क्षेत्र में प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी, ग्लेशियर और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बचाव अभियान में लगातार चुनौतियां सामने आ रही हैं। दुर्गम रास्तों और कम दृश्यता के बीच रेस्क्यू टीमों को काफी सावधानी के साथ आगे बढ़ना पड़ रहा है। इसके बावजूद एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की टीमें अभियान में जुटी हुई हैं।
बुधवार को बरामद तीनों शवों को हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया। प्रशासन और बचाव दल का पूरा ध्यान अब शेष लापता सदस्यों का पता लगाने पर केंद्रित है। अभियान जारी है और रेस्क्यू टीमों की ओर से क्षेत्र में लगातार तलाशी ली जा रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

